पहली नौकरी की पहली सैलरी आने वाली है? ये बातें समझ लें तो कभी मुश्किल में नहीं पड़ेंगे

गर्वित मल्हान बैंक अकाउंट में पहली सैलरी आने पर काफी खुश हैं। 23 साल के मल्हान ने एक स्टार्टअप में बतौर प्रोडक्ट मैनेजर अपनी पहली नौकरी शुरू की है। अब उन्हें फिल्म देखने, दोस्तों के साथ बाहर डिनर करने या कुछ खरीदने के लिए अपने माता-पिता से पैसे नहीं मांगने पड़ेंगे

अपडेटेड Oct 31, 2022 पर 12:01 AM
खर्च करने के साथ कुछ बचत करना जरूरी है। फाइनेंशियल प्लानर्स का कहना है कि आपको अपनी मंथली सैलरी का करीब 30-40 फीसदी अलग कर देना चाहिए। यह आपकी बचत होगी।

Financial Planning: गर्वित मल्हान बैंक अकाउंट में पहली सैलरी आने पर काफी खुश हैं। 23 साल के मल्हान ने एक स्टार्टअप में बतौर प्रोडक्ट मैनेजर अपनी पहली नौकरी शुरू की है। अब उन्हें फिल्म देखने, दोस्तों के साथ बाहर डिनर करने या कुछ खरीदने के लिए अपने माता-पिता से पैसे नहीं मांगने पड़ेंगे।

पहली सैलरी से उन्होंने माता-पिता के लिए गिफ्ट्स खरीदे हैं। एक महंगे रेस्त्रा में परिवार के साथ डिनर किया है। लेकिन, फाइनेंशियल फ्रीडम (Financial Freedom) मिलने के साथ ही उन्हें कुछ बातें समझनी भी जरूरी है। शुरुआत से ही उन्हें फाइनेंशियल गोल्स (Financial Goals) पूरे करने का प्लान बना लेना होगा। इनमें हायर स्टडी, कार खरीदना या छुट्टियां मनाने के लिए विदेश यात्रा का प्लान शामिल हो सकते हैं।

हर महीनी कुछ पैसे अलग रखना जरूरी है

खर्च करने के साथ कुछ बचत करना जरूरी है। फाइनेंशियल प्लानर्स का कहना है कि आपको अपनी मंथली सैलरी का करीब 30-40 फीसदी अलग कर देना चाहिए। यह आपकी बचत होगी। यह पैसा आप म्यचुअल फंड्स में SIP के जरिए निवेश कर सकते हैं। आप 2-3 स्कीम में सिप के रास्ते पैसे डाल सकते हैं। इनमें दो इक्विटी स्कीम और एक डेट स्कीम हो सकती है। बाद में आप अपने फाइनेंशियल गोल्स के बारे में सोच सकते हैं। इससे आपको पता चल जाएगा कि आपको हर महीने कितनी बचत करने की जरूरत है।


यह भी पढ़ें : फिक्सड डिपॉजिट या म्यूचुअल फंड? भारतीयों की क्या है निवेश के लिए पहली पसंद, सर्वे में आया सामने

खुशी अरोड़ा 23 साल की हैं। वह एक फिनटेक कंपनी में काम करती हैं। दो महीने पहले उन्होंने माता-पिता का घर छोड़ अलग रहना शुरू किया है। माता-पिता के साथ रहने के दौरान वह अपनी सैलरी का 70-80 फीसदी इनवेस्ट करती थीं। अब अकेले रहेने पर वह 15-20 फीसदी इनवेस्ट कर पाती हैं। लेकिन, यह अच्छा है कि वह कुछ पैसे निवेश करती हैं।

प्लान अहेड वेल्थ एडवाइजर्स के फाउंडर और सीईओ विशाल धवन ने कहा, "आपको शुरू से ही अपने दिमाग में रिटायरमेंट गोल को रखना होगा।" यह आपको अजीब लग सकता है। लेकिन, ज्यादातर एक्सपर्ट्स रिटायरमेंट के लिए थोड़ी बचत करने की सलाह देते हैं। इससे अगर आप जल्द रिटायरमेंट लेना चाहते है या नौकरी छोड़ कोई दूसरा काम शुरू करना चाहते है तो बहुत मदद मिलती है।

Etica Wealth के एमडी एवं सीईओ गजेंद्र कोठारी ने कहा, "आप अपने वर्तमान का मजा लीजिए। यह समय लौट कर नहीं आने वाला है।" लेकिन, साथ ही थोड़ा पैसा आपको सेविंग्स के लिए अलग कर देना ठीक रहेगा।

अपने लिए इंश्योरेंस पॉलिसी लें

यह बहुत जरूरी है। सबसे पहले आपको अपने लिए एक हेल्थ पॉलिसी खरीदनी चाहिए। धवन ने कहा, "अगर आपकी उम्र 22-23 साल है तो आपके लिए कम से कम 3 लाख रुपये का कवर जरूरी है। हर पांच साल के बाद आपको इसे बढ़ाना होगा।" ज्यादातर लोगों को कंपनी की तरफ से हेल्थ पॉलिसी मिलती है। फिर भी अपनी हेल्थ कवर होनी जरूरी है।

अगर आपके परिवार में ऐसे सदस्य हैं, जो आर्थिक रूप से आप पर निर्भर हैं तो आपके लिए एक लाइफ इंश्योरेंस कवर लेना भी जरूर है। आपको यह ध्यान रखना है कि आपको सिर्फ टर्म प्लान खरीदना है। आपको एंडॉमेंट प्लान नहीं खरीदना है। बीमा कंपनियों के ज्यादतर टर्म प्लान बेचने में कम और एंडॉमेंट प्लान बेचने में ज्यादा दिलचस्पी दिखाते हैं।

एक इमर्जेंसी फंड बनाएं

क्या आपने सोचा है कि अचानक कोई बड़ा खर्च आ जाने पर आप उसे कैसे पूरा करेंगे। इसके लिए इमर्जेंसी फंड बनाना जरूरी है। इससे किसी तरह की इमर्जेंसी की स्थिति में आपको दूसरों के आगे हाथ नहीं फैलाना होगा। यह फंड इतना बड़ा होना चाहिए कि यह आपके कम से कम छह महीने के खर्च को पूरा करने के लिए पर्याप्त हो। इस फंड को बनाने के लिए म्यूचुअल फंड्स की लिक्विड स्कीम या बैंक डिपॉजिट का इस्तेमाल आप कर सकते हैं।

टैक्स प्लानिंग का भी रखें ध्यान

अगर आपकी सालाना इनकम 5 लाख रुपये से ऊपर हैं तो आपको टैक्स चुकाना होगा। आप टैक्स बचाने वाले इंस्ट्रूमेंट में इनवेस्ट कर टैक्स सेविंग कर सकते हैं। इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 80सी के तहत कई ऐसे इंस्ट्रूमेंट आते हैं जिनमें इनवेस्ट करने पर टैक्स-डिडक्शन मिलता है। ऐसे इंस्ट्रूमेंट में एक फाइनेंशियल ईयर में मैक्सिसम 1.5 लाख रुपये इनवेस्ट किए जा सकते हैं।

रूंगटा सिक्योरिटीज के प्रिंसिपल फाइनेंशियल प्लानर हर्षवर्द्धन रूंगटा कहते हैं, "आपको अपना टैक्स प्लानिंग लॉन्ग टर्म गोल को ध्यान में रखकर करना चाहिए।" इसके लिए आप म्यूचुअल फंड्स की इक्विटी लिंक्ड स्कीम की मदद ले सकते हैं। इस स्कीम में लॉन्ग टर्म का निवेश बहुत अच्छा रिटर्न देता है।

आपको डेट ट्रैप में फंसने से बचना होगा। क्रेडिट कार्ड रखना ठीक है। लेकिन, इसका इस्तेमाल तभी करना सही है, जब बहुत जरूरी हो जाए। सिर्फ डिस्काउंट और कैशबैक का फायदा उठाने के लिए क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करना ठीक नहीं है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।