Fixed Deposit: कल खत्म हो रही है SBI और IDBI बैंक की खास FD स्कीम, जल्द उठाएं ज्यादा इंटरेस्ट का फायदा

भारत में मुद्रास्फीति को नियंत्रित करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक ने अपनी ब्याज दरों में लगातार वृद्धि की थी। इससे रेपो रेट बढ़कर 6.50 फीसदी हो गया है. रेपो रेट बढ़ने के साथ ही कई बैंकों ने ग्राहकों के लिए विशेष एफडी योजनाएं शुरू की थीं, जिनमें से कुछ में निवेश करने का पीरियड अब समाप्त होने वाली है

अपडेटेड Aug 14, 2023 पर 3:24 PM
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने ग्राहकों के लिए अमृत कलश एफडी योजना शुरू की थी।

FD Rates: भारत में मुद्रास्फीति को नियंत्रित करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक ने अपनी ब्याज दरों में लगातार वृद्धि की थी। इससे रेपो रेट बढ़कर 6.50 फीसदी हो गया है। रेपो रेट बढ़ने के साथ ही कई बैंकों ने ग्राहकों के लिए विशेष एफडी योजनाएं शुरू की थीं, जिनमें से कुछ में निवेश करने का पीरियड अब समाप्त होने वाली है। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने ग्राहकों के लिए अमृत कलश एफडी जमा योजना शुरू की थी। इस योजना में निवेश कल बंद हो रहा है। गौरतलब है कि बैंक ने इसकी समय सीमा बढ़ाने को लेकर कोई घोषणा नहीं की है। ऐसे में आपके पास इस FD स्कीम में निवेश करने का आखिरी मौका है।

प्राइवेट सेक्टर के बड़े बैंक आईडीबीआई बैंक (IDBI Bank) ने भी ग्राहकों के लिए अमृत महोत्सव FD लॉन्च की है। इस योजना में भी निवेश करने की समय सीमा भी 15 अगस्त, 2023 को खत्म हो रही है। अगर आप इन दोनों योजनाओं में से किसी एक में निवेश करना चाहते हैं, तो आपके पास कल तक का समय है।

एसबीआई अमृत कलश एफडी योजना


अगर आप 1 साल से अधिक समय के लिए बैंक एफडी में निवेश करना चाहते हैं तो एसबीआई की अमृत कलश योजना एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। इस योजना को बैंक ने 12 अप्रैल 2023 को लॉन्च किया था। यह 400 दिनों की विशेष एफडी योजना है जिसमें वरिष्ठ नागरिकों को 7.60 प्रतिशत ब्याज दर मिल रही है। वहीं, 60 साल से कम उम्र के ग्राहकों को 7.10 फीसदी ब्याज दर मिल रही है। इस योजना के तहत ब्याज का पेमेंट मासिक, तिमाही या छमाही आधार पर किया जाता है। इसमें निवेश करने के लिए आप अपनी नजदीकी एसबीआई शाखा या नेट बैंकिंग या योनो के जरिए निवेश कर सकते हैं।

आईडीबीआई अमृत महोत्सव एफडी योजना

आईडीबीआई अमृत महोत्सव एफडी योजना की समय सीमा भी समाप्त हो रही है। इस स्कीम के तहत आप 375 दिनों से लेकर 444 दिनों की FD में निवेश कर सकते हैं। 375 दिनों की एफडी पर आम ग्राहकों को 7.10 फीसदी और सीनियर सिटीजन को 7.60 फीसदी ब्याज दर मिल रही है। वहीं, 444 दिन की एफडी पर 7.15 फीसदी और वरिष्ठ नागरिकों को 7.65 फीसदी ब्याज दर मिल रहा है। अगर आप इस योजना में निवेश करना चाहते हैं तो जल्द से जल्द अपनी नजदीकी शाखा में जाना होगा। या आप इसके लिए ऑनलाइन भी अप्लाई कर सकते हैं।

कमजोर नतीजे ने बिगाड़ी चाल, 11% टूटा Nykaa, अब अपनाएं यह स्ट्रैटेजी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।