प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने तमिलनाडु के कुन्नूर में एक हेलिकॉप्टर क्रैश में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) बिपिन रावत (Bipin Rawat) और उनकी पत्नी मधूलिका रावत की मृत्यु पर शोक प्रकट किया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्विटर पर कहा कि जनरल रावत सच्चे देशभक्त थे और भारत उनकी सेवा को कभी नहीं भूलेगा। पीएम मोदी ने कहा, “जनरल बिपिन रावत एक बेहतरीन सैनिक थे। एक सच्चे देशभक्त थे, उन्होंने हमारे सैन्य बलों और सुरक्षा उपकरणों के आधुनिकीकरण में महान योगदान दिया। सामरिक मामलों पर उनकी सोच और दृष्टिकोण शानदार थे। उनके निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। ओम शांति।”
पीएम मोदी ने कहा, “भारत के पहले सीडीएस के रूप में, जनरल रावत ने रक्षा सुधार सहित हमारे सैन्य बलों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर काम किया। वह अपने साथ सेना की सेवा में अपना व्यापक अनुभव लेकर आए थे। भारत उनकी बेहतरीन सेवा को कभी नहीं भूलेगा।”
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने कहा कि भारत ने अपना एक बहादुर बेटा खो दिया है। उन्होंने कहा, “मैं जनरल रावत और उनकी पत्नी मधूलिका जी के असमय निधन पर स्तब्ध और व्यथित हूं। राष्ट्र ने अपना बहादुर बेटा खो दिया है। उनकी मातृभूमि की चार दशकों की निस्वार्थ सेवा असाधारण वीरता से भरी हुई थी। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जनरल रावत और उनकी पत्नी के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, “उनका असमय निधन देश के लिए एक अपूरणनीय क्षति है।”
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।