'बीमार कांग्रेस डॉक्टर से नहीं, कंपाउंडर से ले रही है दवा', गुलाम नबी आजाद ने राहुल गांधी पर बोला सीधा हमला

मोदी-मय होने के आरोप को लेकर हाल ही में कांग्रेस छोड़ने वाले गुलाम नबी आजाद ने राहुल गांधी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग संसद में भाषण देकर उनसे गले मिलते हैं, वो मिले हैं या नहीं

अपडेटेड Aug 29, 2022 पर 5:21 PM
हाल ही में कांग्रेस छोड़ने वाले गुलाम नबी आजाद (Ghulam Nabi Azad) ने एक बार फिर से तीखे तेवर दिखाए हैं

हाल ही में कांग्रेस छोड़ने वाले गुलाम नबी आजाद (Ghulam Nabi Azad) ने एक बार फिर से तीखे तेवर दिखाए हैं। इस बार उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, सांसद राहुल गांधी और पार्टी महासचिव जयराम रमेश पर ही सीधा हमला बोला है। गुलाम नबी आजाद ने कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी की नींव कमजोर हो गई है और वह कभी भी बिखर सकती है। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में यह भी कहा कि बीमार कांग्रेस कंपाउंडर से दवा ले रही है, डॉक्टर से नहीं।

कांग्रेस पार्टी में चुनाव के सवाल पर गुलाम नबी आजाद ने कहा, "मैं कांग्रेस के लिए दुआ ही कर सकता हूं, लेकिन कांग्रेस मेरी दुआ से ठीक नहीं होगी उसके लिए दवा चाहिए। अभी उसका डॉक्टर कंपाउंडर है। अभी कांग्रेस को स्पेशलिस्ट की जरूरत है।" आजाद ने कहा कांग्रेस नेतृत्व के पास चीजें सही करने का समय नहीं है, राज्यों में उसके नेता पार्टी के सदस्यों को एकजुट रखने के बजाय उन्हें जाने दे रहे हैं।

मोदी-मय होने के आरोप को लेकर आजाद ने राहुल गांधी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग संसद में भाषण देकर उनसे गले मिलते हैं, वो मिले हैं या नहीं। उन्होंने कहा, ""घर वालों ने घर छोड़ने पर मजबूर किया और जहां घर वालों को लगे कि यह आदमी नहीं चाहिए तो अकलमंदी खुद घर छोड़ने में है...जो शख्स अपनी स्पीच खत्म करने के बाद भरी सदन में उनसे(PM से) गले मिले, तो वे मिले हैं या मैं मिला हूं?


एएनआई से बातचीत में आजाद ने कहा कि अब तो कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक की अध्यक्षता ही विदेश से हो रही है। यदि ऐसा ही था तो फिर बैठक करके जा सकते थे। कांग्रेस कैसे खड़ी होगी, जब अध्यक्ष के पास ही टाइम नहीं है। जो मेरी टाइमिंग की बात करते हैं, उन लोगों के पास कांग्रेस के लिए टाइम ही कहां है।

इसके अलावा जयराम रमेश पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले वह अपने डीएनए की जांच कराएं। वह तो पहले फ्रीलांसर थे। वह बताएं कि पहले किस सरकार के कर्मचारी थे। वह हमारी पार्टी में नहीं थे। पहले वह अपनी जांच कराएं कि उनका डीएनए किस पार्टी का हैं।

आजाद ने कहा सबसे ज्यादा अफसोस की बात यह है कि जो बाहरी हैं, जो चापलूसी करते हैं, उन्हें पद मिले हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने पिछले दिनों गुलाम नबी आजाद पर आरोप लगाते हुआ कहा था कि विश्वासघात से असली चरित्र का पता चलता है। उनका DNA मोदी-फाइड है। कांग्रेस ने अधिक सम्मान के साथ व्यवहार किया और उसने अपने शातिर व्यक्तिगत हमलों से धोखा दिया जो असली चरित्र को उजागर करता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।