गोल्ड और सिल्वर ETFs ने दिया बड़ा झटका, 21% तक लुढ़के; ग्रीनलैंड और टैरिफ पर ट्रंप के नए फैसले से सोना-चांदी फिसले

ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका, ग्रीनलैंड पर कब्जा करने के लिए सैन्य बल का इस्तेमाल नहीं करेगा। पिछले हफ्ते ट्रंप ने उन यूरोपीय देशों पर टैरिफ लगाने की धमकी दी थी, जिन्होंने ग्रीनलैंड पर अमेरिकी नियंत्रण का विरोध किया। धमकी के बाद सोने और चांदी की कीमतें तेजी से बढ़ी थीं

अपडेटेड Jan 22, 2026 पर 11:44 AM
Story continues below Advertisement
ट्रंप ने ग्रीनलैंड मसले को लेकर 8 यूरोपीय देशों पर टैरिफ लगाने की योजना रद्द कर दी है।

22 जनवरी को गोल्ड और सिल्वर एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETFs) में 21 प्रतिशत तक की तेज गिरावट देखी गई। ग्रीनलैंड को लेकर कई यूरोपीय देशों पर अमेरिकी टैरिफ के मामले में नए अपडेट के बाद कीमती धातुओं की कीमतें फिसली हैं। इसका असर ETF ट्रेडिंग में भी दिख रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह ग्रीनलैंड पर अमेरिकी नियंत्रण के लिए दबाव बनाने के लिए 8 यूरोपीय देशों पर टैरिफ लगाने की अपनी योजना रद्द कर रहे हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा है कि NATO (नॉर्थ अटलांटिक ट्रीटी ऑर्गेनाइजेशन) के सेक्रेटरी जनरल मार्क रुट्टे के साथ उनकी बहुत अच्छी मीटिंग हुई है। इसके आधार पर ग्रीनलैंड और असल में पूरे आर्कटिक क्षेत्र के संबंध में भविष्य की डील का फ्रेमवर्क बनाया गया है। अगर यह सॉल्यूशन अमली जामा पहनता है तो यह अमेरिका और सभी NATO देशों के लिए बहुत अच्छा होगा। ट्रंप ने कहा कि आपसी समझा के आधार पर मैं 1 फरवरी से टैरिफ लागू नहीं करूंगा। ट्रंप ने यह भी कहा है कि अमेरिका, ग्रीनलैंड पर कब्जा करने के लिए सैन्य बल का इस्तेमाल नहीं करेगा।

10% टैरिफ के ऐलान के बाद सोने-चांदी में भी जबरदस्त रैली


पिछले हफ्ते ट्रंप ने उन यूरोपीय देशों पर टैरिफ लगाने की धमकी दी थी, जिन्होंने ग्रीनलैंड पर अमेरिकी नियंत्रण का विरोध किया। ट्रंप ने कहा था कि 1 फरवरी 2026 से डेनमार्क, नॉर्वे, स्वीडन, फ्रांस, जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, नीदरलैंड और फिनलैंड से अमेरिका आने वाले सामान पर 10% टैरिफ लगाया जाएगा। यह भी कहा था कि अगर ग्रीनलैंड की पूरी तरह से खरीद के लिए कोई डील नहीं होती है तो यह टैरिफ बढ़कर 25% हो जाएगा।

ट्रंप की धमकी के बाद सोने और चांदी की कीमतें तेजी से बढ़ी थीं क्योंकि अमेरिका और यूरोपीय संघ के देशों के बीच भू-राजनीतिक तनाव बढ़ गया था। जोखिम से बचने के लिए निवेशकों ने सेफ एसेट माने जाने वाले सोने और चांदी में निवेश बढ़ाया।

सिल्वर ETFs का हाल

टाटा सिल्वर ETF 21 प्रतिशत गिरकर 26.41 रुपये प्रति यूनिट पर ट्रेड कर रहा था। इससे पहले के सेशन में यह नए लाइफटाइम हाई पर पहुंच गया था। ग्रो सिल्वर ETF, 360 वन सिल्वर ETF और एक्सिस सिल्वर ETF में 22 जनवरी को लगभग 16 प्रतिशत की गिरावट आई। कोटक सिल्वर ETF, मिरे एसेट सिल्वर ETF, आदित्य बिड़ला सन लाइफ सिल्वर ETF और कुछ अन्य में लगभग 15 प्रतिशत की गिरावट आई। निप्पॉन सिल्वर ETF (सिल्वरबीज), DSP सिल्वर ETF, HDFC सिल्वर ETF, ICICI प्रूडेंशियल सिल्वर ETF, बंधन सिल्वर ETF में लगभग 14 प्रतिशत की गिरावट आई।

गोल्ड ETFs

बिड़ला सन लाइफ गोल्ड ETF लगभग 12 प्रतिशत गिरकर 130.42 रुपये प्रति यूनिट पर ट्रेड कर रहा था। एक्सिस गोल्ड ETF, टाटा गोल्ड ETF और बंधन गोल्ड ETF में लगभग 11 प्रतिशत की गिरावट आई। DSP Gold ETF, HDFC Gold ETF, Nippon India Gold ETF (Goldbees), LIC MF Gold ETF और अन्य पिछले सेशन में नए रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए थे। लेकिन अब 9 प्रतिशत से ज्यादा गिर गए।

Silver Rate Today: एक हफ्ते में चांदी में आई 15% की तेजी, जानिये 22 जनवरी का सिल्वर रेट

सोने की कीमत को लेकर क्या अनुमान

गोल्डमैन सैक्स ने दिसंबर 2026 के लिए सोने की कीमत का अपना अनुमान 4,900 डॉलर प्रति औंस से बढ़ाकर 5,400 डॉलर प्रति औंस कर दिया है। ब्रोकरेज ने बुधवार को एक नोट में कहा, "हम मानते हैं कि प्राइवेट सेक्टर के डायवर्सिफिकेशन वाले ऐसे खरीदार जो वैश्विक नीतिगत जोखिमों से बचने के लिए सोना खरीदते हैं, 2026 में अपना सोना नहीं बेचेंगे। इससे हमारे भाव के अनुमान की शुरुआती कीमत ऊपर आ जाती है।” गोल्डमैन सैक्स को उम्मीद है कि वेस्टर्न ETF होल्डिंग्स बढ़ेंगी क्योंकि अमेरिकी फेडरल रिजर्व 2026 में अपनी ब्याज दर में 50 बेसिस पॉइंट की कटौती कर सकता है।

MCX पर सोने और चांदी का हाल

देश के अंदर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर फरवरी में डिलीवरी वाले गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट का वायदा भाव पिछले बंद भाव से 2.6 प्रतिशत तक गिरकर 148777 रुपये प्रति 10 ग्राम के लो तक गया। इसी तरह मार्च में डिलीवरी वाले सिल्वर कॉन्ट्रैक्ट्स का वायदा भाव लगभग 4 प्रतिशत तक टूटकर 305753 रुपये प्रति किलोग्राम के लो तक गया।

वैश्विक बाजारों में चाल

रॉयटर्स के मुताबिक, वैश्विक बाजारों में सोने का हाजिर भाव 0.8% की गिरावट के साथ 4796.75 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। एक दिन पहले यह 4887.82 डॉलर प्रति शेयर के रिकॉर्ड हाई पर था। फरवरी में डिलीवरी वाला U.S. गोल्ड फ्यूचर्स 0.8% की गिरावट के साथ 4799.90 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। चांदी का हाजिर भव 0.1% की गिरावट के साथ 93.19 डॉलर प्रति औंस रह गया। इससे पहले चांदी ने 95.87 डॉलर प्रति औंस का रिकॉर्ड हाई क्रिएट किया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।