सोना 4,100 रुपये टूटा, चांदी 6,250 रुपये गिरी, लगातार सस्ता हो रहा है सोना-चांदी

Gold Rate in Delhi: दिल्ली के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली। सोना 4,100 रुपये गिरकर 1,21,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी 6,250 रुपये टूटकर 1,45,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई

अपडेटेड Oct 28, 2025 पर 6:59 PM
Story continues below Advertisement
Gold Rate in Delhi: दिल्ली के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली।

Gold Rate in Delhi: दिल्ली के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली। सोना 4,100 रुपये गिरकर 1,21,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी 6,250 रुपये टूटकर 1,45,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।

क्यों गिरे सोने-चांदी के भाव?

अमेरिका और चीन के बीच व्यापार तनाव कम होने के बाद निवेशकों ने सुरक्षित निवेश यानी गोल्ड में पैसा लगाना कम कर दिया। जब बाजार में जोखिम घटता है, तो निवेशक सोने से पैसा निकालकर शेयर बाजार या अन्य साधनों में लगाते हैं। इसी वजह से गोल्ड की मांग घटी और कीमतों में गिरावट आई।


एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटी एक्सपर्ट सौमिल गांधी ने बताया कि मंगलवार को सोने में बिकवाली बढ़ गई, जिससे यह तीन हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंच गया। उन्होंने कहा कि इस गिरावट के कारण तकनीकी सेल और मुनाफावसूली भी है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्या हाल रहा?

दुनिया भर में भी सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 94.36 डॉलर यानी करीब 2.37% गिरकर 3,887.03 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। पिछले सत्र में भी यह 4,000 डॉलर प्रति औंस से नीचे बंद हुआ था। वहीं चांदी में भी 2.85% की गिरावट आई और यह 45.56 डॉलर प्रति औंस के स्तर तक लुढ़क गई।

मिराए एसेट शेयरखान के कमोडिटी हेड प्रमुख प्रवीण सिंह ने बताया कि अमेरिका-चीन के बीच व्यापार समझौते को लेकर सकारात्मक उम्मीदों ने निवेशकों को गोल्ड से दूर कर दिया है। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग जल्द ही व्यापार समझौते की रूपरेखा पर सहमति बना सकते हैं, जिससे बाजार में भरोसा बढ़ा है और सोने की कीमत पर दबाव पड़ा है।

उन्होंने यह भी कहा कि निवेशक अब अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक पर नजरें लगाए हुए हैं, जहां ब्याज दरों में 0.25% की कटौती की उम्मीद है। इससे आगे भी गोल्ड मार्केट में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

आगे क्या हो सकता है?

विश्लेषकों का मानना है कि इस साल सोने की कीमतों में पहले ही 50% से ज्यादा की बढ़ोतरी हो चुकी है, इसलिए अब बड़े निवेशक मुनाफावसूली कर रहे हैं। सौमिल गांधी के अनुसार, आने वाले दिनों में सोने में 5 से 10% की और गिरावट देखने को मिल सकती है।

Gold Price on MCX: पीक से ₹14666 तक लुढ़क गया सोना, क्यों आ रही है गिरावट; क्या फिर मारेगा उछाल?

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।