धनतेरस आ गया है। 18 अक्टूबर को देशभर में धनतेरस का त्योहार मनाया जाएगा। इस मौके पर सोना खरीदने की परंपरा है। मान्यता है कि धनतरेस पर सोना खरीदने से घर में सुख, शांति और समृद्धि आती है। हालांकि, इस बार सोने की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर हैं। मनीकंट्रोल को आपको ऐसे 5 स्मार्ट तरीके बता रहा है, जिसका इस्तेमाल आप सोने में निवेश के लिए कर सकते हैं।
गोल्ड में निवेश करने का सबसे आसान विकल्प Gold ETF है। यह फाइनेंशियल इंस्ट्रूमेंट है जो सोने की कीमतों को ट्रैक करता है। इसका मतलब है कि गोल्ड की कीमतों के चढ़ने पर गोल्ड ईटीएफ की एनएवी बढ़ती है। गोल्ड की कीमतें गिरने पर एनएवी गिरती है। गोल्ड ईटीएफ के एनएवी का कैलकुलेशन रोजाना कारोबार बंद होने पर होता है। इसमें निवेश का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको सोना सुरक्षित रखने की चिंता करने की जरूरत नहीं है। हालांकि, गोल्ड ईटीएफ में निवेश के लिए डीमैट अकाउंट होना जरूरी है।
आप म्यूचुअल फंड्स की गोल्ड स्कीम में निवेश कर सकते हैं। यह स्कीम इनवेस्टर्स के पैसे को गोल्ड ईटीएफ में इनवेस्ट करती हैं। इनमें निवेश का फायदा यह है कि आप जरूरत पड़ने पर आसानी से अपना पैसा निकाल सकते हैं। इसमें निवेश करने के लिए डीमैट अकाउंट जरूरी है। म्यूचुअल फंड की गोल्ड स्कीम का रिटर्न सोने के रिटर्न पर निर्भर है। कई बड़े म्यूचुअल फंड हाउसेज की गोल्ड स्कीम मार्केट में उपलब्ध हैं।
सरकार ने सॉवरेन गोल्ड स्कीम (एसजीबी) की शुरुआत नवंबर 2015 में की थी। इसका मकसद लोगों को फिजिकल गोल्ड में निवेश का विकल्प देना था। भारत सरकार की ओर से आरबीआई गोल्ड बॉन्ड्स जारी करता है। इसमें निवेश 8 साल में मैच्योर हो जाता है। लेकिन, सरकार ने फरवरी 2024 के बाद एसजीबी की नई किस्त जारी नहीं की है। लेकिन, इसे आप स्टॉक एक्सचेजों से खरीद सकते हैं। इसमें निवेश से गोल्ड में तेजी का फायदा मिलता है। इसके अलावा सालाना 2.5 फीसदी इंटरेस्ट भी मिलता है।
घर बैठे आप गोल्ड कॉइन खरीद सकते हैं। ई-कॉमर्स कंपनियां धनतेरस के मौके पर यूजर्स को गोल्ड कॉइन बेच रही हैं। चूंकि, ये ब्रांडेड या भरोसेमंद कंपनियों के गोल्ड कॉइन हैं, जिससे इनकी प्योरिटी को लेकर किसी तरह की चिंता की बात नहीं है। Amazon 8 से 10 ग्राम के गोल्ड कॉइन बेच रहा है। वह इन कॉइन पर डिस्काउंट भी आफर कर रहा है। फ्लिपकार्ट भी ब्रांडेड कंपनियों के गोल्ड कॉइन बेच रहा है।
आप डिजिटल गोल्ड में भी निवेश कर सकते हैं। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने धनतेरस और दिवाली के मौके पर डिजिटल गोल्ड का ऑफर पेश किया है। यूजर्स जियोफाइनेंस के मोबाइल ऐप के जरिए इसे खरीद सकते हैं। यह ऑफर 18 से 23 अक्टूबर तक ओपन है। कंपनी 2000 रुपये या इससे ज्यादा के डिजिटल गोल्ड खरीदने पर अतिरिक्त 2 फीसदी गोल्ड फ्री दे रही है।