अमेरिका में महंगाई उम्मीद से ज्यादा बढ़ने का असर गोल्ड फ्यूचर्स पर दिखा। 12 नवंबर यानी गुरुवार को एमसीएक्स में गोल्ड फ्यूचर्स में कमजोरी दिखी। दिसंबर डिलीवरी वाला गोल्ड फ्यूचर्स 1,207 रुपये यानी 0.86 फीसदी गिरकर 1,38,509 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
इन वजहों से सोने पर बढ़ा दबाव
कमोडिटी एक्सपर्ट्स के मुताबिक, मजबूत अमेरिकी डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी से सोने पर दबाव बढ़ा है। ब्याज दरें बढ़ने की आशंका के बीच निवेशक सोने जैसे बिना ब्याज वाले एसेट से दूरी बना सकते हैं। Giottus.com के CEO विक्रम सुब्बुराज ने कहा कि अमेरिका में महंगाई उम्मीद से ज्यादा बढ़ी है। इससे फेडरल रिजर्व के इंटरेस्ट रेट बढ़ाने की उम्मीद बढ़ी है। डॉलर में मजबूती और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ने का असर भी सोने पर पड़ा है।
गोल्ड ईटीएफ में निवेश में 22% गिरावट
Choice Broking की कमोडिटी फंडामेंटल एनालिस्ट पिंकी यादव के मुताबिक, गोल्ड-समर्थित एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) में अक्टूबर के दौरान निवेश महीने दर महीने आधार पर 22 फीसदी घटकर 3,470 करोड़ रुपये रहा। यह निवेशकों के सतर्क रुख को दिखाता है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4,000 डॉलर के नीचे
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में लगातार तीसरे सत्र गिरावट आई। कॉमेक्स पर दिसंबर डिलीवरी वाला गोल्ड फ्यूचर्स 42.40 डॉलर यानी 1.06 फीसदी टूटकर 3,958.10 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। इस तरह सोना 4,000 डॉलर प्रति औंस के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे फिसल गया।
अमेरिका में महंगाई बढ़ने से डॉलर में मजबूती
Mudrex के लीड क्वांट एनालिस्ट अक्षत सिद्धांत के मुताबिक, अमेरिका में महंगाई उम्मीद से ज्यादा बढ़ने से डॉलर को सपोर्ट मिला है। इससे फेड के ब्याज दरें बढ़ाने की उम्मीदें मजबूत हुई हैं और अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत करीब 3,970 डॉलर प्रति औंस तक फिसल गई है।
केंद्रीय बैंकों की खरीदारी ने दिया सहारा
हालांकि, कीमतों में गिरावट के बावजूद सोने को केंद्रीय बैंकों की खरीदारी से कुछ सहारा मिल रहा है। Motilal Oswal Financial Services के कमोडिटी एनालिस्ट मानव मोदी के मुताबिक, चीन के केंद्रीय बैंक (People's Bank of China) की लगातार खरीदारी और अन्य केंद्रीय बैंकों की मांग कीमतों में गिरावट को सीमित कर रही है।