गोल्ड लोन लेना चाहते हैं? जानिए किस बैंक का इंटरेस्ट रेट सबसे कम है

हाल तक गोल्ड लोन मार्केट में मण्णपुरम और मुथूट जैसी NBFC का दबदबा था। अब सरकारी और प्राइवेट बैंकों ने भी गोल्ड लोन पर फोकस बढ़ा दिया है। वे ग्राहकों को अट्रैक्ट करने के लिए कम इंटरेस्ट रेट पर गोल्ड लोन ऑफर कर रहे हैं

अपडेटेड Apr 19, 2023 पर 6:05 PM
Story continues below Advertisement
एक्सपर्ट्स का कहना है कि बहुत जरूरी होने पर ही गोल्ड लोन लेने का फैसला करना चाहिए। गोल्ड लोन का विकल्प आपके लिए आखिरी होना चाहिए।

सोने के भाव 60,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पार कर गए हैं। अगर ग्लोबल इकोनॉमी (Global Economy) में मुश्किल बढ़ती है तो सोने में तेजी का रुख बना रहेगा। अगर आप अपने गोल्ड एसेट को लिक्विडेट (बेचना) चाहते हैं तो यह सही वक्त है। अगर किसी वजह से आपको पैसे की जरूरत है तो आप गोल्ड गिरवी रखकर लोन भी ले सकते हैं। पहले सिर्फ गोल्ड लोन कंपनियां गोल्ड लोन देने में दिलचस्पी दिखाती थी। अब छोटे-बड़े बैंकों ने भी गोल्ड लोन मार्केट पर अपना फोकस बढ़ा दिए हैं। हम आपको पांच ऐसे बैंकों के बारे में बता रहे हैं, जो 9 फीसदी से कम इंटरेस्ट पर गोल्ड लोन ऑफर कर रहे हैं।

Central Bank of India

सेंट्रल बैंक ग्राहकों को 8.45 फीसदी सालाना इंटरेस्ट रेट पर गोल्ड लोन ऑफर कर रहा है। कोई व्यक्ति 5 लाख रुपये तक का गोल्ड लोन इस बैंक से ले सकता है। इसे दो साल में वापस करना होगा। इस तरह हर महीने आपकी EMI 22,716 रुपये आएगी। सेंट्रल बैंक एक सरकारी बैंक है।


यह वीडियो भी देखें:  अचानक मेटल शेयरों की चमक क्यों बढ़ी?

Union Bank of India

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का गोल्ड लोन भी सस्ता है। यह बैंक सालाना 8.65 फीसदी इंटरेस्ट पर गोल्ड लोन दे रहा है। ग्राहक अगर 5 लाख रुपये का गोल्ड लोन लेता है तो हर महीने उसकी EMI 22,762 रुपये बनेगी। लोन की अवधि 2 साल मानी गई है। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया भी एक सरकारी बैंक है।

UCO Bank

यूको बैंक भी कम इंटरेस्ट रेट पर गोल्ड लोन दे रहा है। हालांकि, सेंट्रल बैंक और यूनियन बैंक के मुकाबले इसका इंटरेस्ट रेट थोड़ा ज्यादा है। फिर भी यह 9 फीसदी से कम है। यह सालाना 8.85 फीसदी इंटरेस्ट पर गोल्ड लोन ऑफर कर रहा है। बैंक 5 लाख रुपये का लोन दो साल के लिए दे रहा है। आपकी EMI 22,808 रुपये होगी।

Indian Bank

इंडियन बैंक ने भी गोल्ड लोन पर फोकस बढ़ृाया है। वह सालाना 8.95 इंटरेस्ट रेट पर गोल्ड लोन ऑफर कर रहा है। अगर आप 5 लाख रुपये का लोन 2 साल के लिए लेते हैं तो आपकी EMI22,831 रुपये आएगी। इंडियन बैंक भी एक सरकारी बैंक है।

PNB

पंजाब नेशनल बैंक के गोल्ड लोन का इंटरेस्ट रेट 9 फीसदी से ज्यादा है। हालांकि, यह भी एक सरकारी बैंक है। यह सालाना 9.25 फीसदी इंटरेस्ट रेट पर गोल्ड लोन ऑफर कर रहा है। अगर कोई ग्राहक 5 लाख रुपये का गोल्ड लोन 2 साल के लिए लेता है तो उसकी EMI 22,900 रुपये आएगी।

क्या है एक्सपर्ट्स की राय?

एक्सपर्ट्स का कहना है कि सोने की कीमतें हाई लेवल पर होने पर गोल्ड के बदले बैंक ज्यादा लोन अमाउंट ऑफर करते हैं। इसकी वजह यह है कि ग्राहक को सोने के बदले मिलने वाला लोन सोने की वैल्यू पर निर्भर करता है। हालांकि, गोल्ड लोन का विकल्प आपके लिए आखिरी होना चाहिए। एक्सपर्ट्स का कहना है कि बहुत जरूरी होने पर ही गोल्ड लोन लेने का फैसला करना चाहिए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।