Gold Price Today: आज मंगलवार को सोना लगातार दूसरे दिन सस्ता हुआ है। बजट पेश होने से पहले सोने के भाव में थोड़ा करेक्शन आ रहा है। 28 जनवरी को 10 ग्राम 24 कैरेट और 22 कैरेट सोने का भव 230 रुपये तक कम हुआ है। वैश्विक बाजारों की कमजोरी और घरेलू बाजार में डिमांड में थोड़ी कमी के कारण सोने के भाव में नरमी रही।
24 और 22 कैरेट सोने का भाव
मंगलवार को 24 कैरेट सोने का भाव प्रमुख शहरों में 82,200 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। वहीं, 22 कैरेट का 75,300 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा है। बीते हफ्ते सोना अपने रिकॉर्ड स्तर के आसपास आ गया था। हालांकि, उसके बाद सोने में थोड़ा करेक्शन आया है। 24 कैरेट सोना अपनी शुद्धता और क्वालिटी के लिए जाना जाता है। वहीं, 22 कैरेट सोना अपनी मजबूती के कारण जाना जाता है। ज्वैलर्स 22 कैरेट गोल्ड ज्वैलरी बनाते हैं।
दिल्ली और मुंबई में सोने के दाम
दिल्ली में 24 कैरेट सोना करीब 200 रुपये की गिरावट के साथ 82,390 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि 22 कैरेट सोना 75,540 रुपये प्रति 10 ग्राम पर दर्ज हुआ। मुंबई में 24 कैरेट सोने का भाव 82,240 और 22 कैरेट सोना 75,390 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है।
28 जनवरी को चांदी हुई सस्ती
मंगलवार 28 जनवरी को चांदी की कीमत में 1,000 रुपये करेक्शन आया। चांदी की कीमत 1000 रुपये गिरकर 96,400 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। कमजोर घरेलू मांग के कारण चांदी की कीमतों में गिरावट आई है।
कैसे तय होती है भारत में सोने की कीमत?
भारत में सोने की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार, इंपोर्ट ड्यूटी, टैक्स और रुपए की कीमत पर निर्भर करती हैं। इन सभी चीजों से सोने के दाम तय होते हैं। सोना भारत में सिर्फ निवेश के लिए नहीं, बल्कि इसकी सांस्कृतिक और पारंपरिक अहमियत भी है। शादी और त्योहारों के समय सोने की मांग काफी बढ़ जाती है, जिससे इसकी कीमतों में भी असर पड़ता है।