Gold Price Today: सोने के भाव में आज 8 नवंबर के दिन बड़ी गिरावट आई है। कल के मुकाबले आज शुक्रवार को सोने का भाव 2,000 रुपये तक कम हुआ है। देश में 24 कैरेट गोल्ड का रेट 78,500 रुपये और 22 कैरेट सोने का भाव 72,000 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा है। डोनाल्ड ट्रंप की जीत और लोकल डिमांड में कमी के कारण सोने के भाव में बड़ी गिरावट आई है। वहीं, सिल्वर 92,900 रुपये पर है। सिल्वर के रेट में कल की तुलना में 3,000 रुपये की गिरावट रही।
क्यों 2,000 रुपये गिरा सोने का भाव
कारोबारियों ने कहा कि कमजोर वैश्विक रुख के कारण कारोबारी धारणा कमजोर हुई और स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की मांग में गिरावट से सोने की कीमतों पर दबाव पड़ा। एलकेपी सिक्योरिटीज के कमोडिटी एक्सपर्ट जतिन त्रिवेदी ने कहा कि सोने में स्थिर से लेकर सीमित दायरे में कारोबार हुआ, क्योंकि बाजार प्रतिभागियों को आज रात फेडरल रिजर्व की बैठक के नतीजे का इंतजार है। अमेरिकी केंद्रीय बैंक द्वारा ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत कटौती की उम्मीद लगाई जा रही है। डोनाल्ड ट्रंप की जीत के बाद पूंजी का प्रवाह जोखिम वाली संपत्तियों मसलन बिटकॉइन और शेयर बाजारों की ओर होने से सोने की निवेश के सुरक्षित विकल्प के रूप में मांग घटी है। इससे सोने में गिरावट आई।
देशभर में सोने के आज के रेट:
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ, जयपुर में गोल्ड रेट
24 कैरेट: ₹78,700 प्रति 10 ग्राम
22 कैरेट: ₹72,140 प्रति 10 ग्राम
पटना ओर अहमदाबाद में गोल्ड रेट
24 कैरेट: ₹78,600 प्रति 10 ग्राम
22 कैरेट: ₹72,040 प्रति 10 ग्राम
भुवनेश्वर, मुंबई, कोलकाता में गोल्ड रेट
24 कैरेट: ₹78,550 प्रति 10 ग्राम
22 कैरेट: ₹71,990 प्रति 10 ग्राम
गुरुवार को इस भाव पर बंद हुआ गोल्ड
दिल्ली के सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतें लुढ़क गईं। सोना 1,650 रुपये की जोरदार गिरावट के साथ 80,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर से नीचे आ गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी। बाजार सूत्रों ने कहा कि लोकल ज्वैलर्स सेलर्स की कमजोर मांग तथा विदेशी बाजारों में कमजोरी के रुख के कारण सोने के दाम में कमी आई है। बुधवार को सोने की कीमत 1,650 रुपये गिरकर 79,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 81,150 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इंडस्ट्रियल डिमांड और सिक्का निर्माताओं के कमजोर मांग के कारण चांदी की कीमत भी 2,900 रुपये लुढ़ककर 93,800 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। बुधवार को इसका भाव 96,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहा था। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव भी 1,650 रुपये गिरकर 79,100 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। पिछले सत्र में इसका भाव 80,750 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
कैसे तय होती है सोने की कीमत?
देशभर में सोने की कीमतें कई फैक्टर्स पर निर्भर करती हैं, जिनमें अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की स्थिति और करेंसी एक्सचेंज रेट शामिल हैं। वैश्विक बाजार में जब सोने की कीमतों में उछाल आता है, तो इसका असर भारतीय बाजार पर भी पड़ता है। इसके अलावा, त्योहारों के सीजन में बढ़ती मांग भी सोने की कीमतों में इजाफा करती है।