पश्चिम एशिया संकट बढ़ने और वैश्विक बाजारों में सोने में तेजी के बीच देश में सोने की कीमत में गिरावट आई है। 13 मार्च की सुबह राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट गोल्ड की कीमत गिरकर 162360 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई है। मुंबई में कीमत 162210 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। एक दिन पहले दिल्ली के सराफा बाजार में सोने की कीमत 400 रुपये टूटकर 1,65,200 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। एक्सपर्ट्स का मानना है कि इसका कारण डॉलर का मजबूत होना और महंगाई को लेकर चिंता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 5,178.45 डॉलर प्रति औंस पर है।
देश के कुछ बड़े शहरों में गोल्ड रेट
दिल्ली में सोने की कीमत: दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 162360 रुपये प्रति 10 ग्राम है। 22 कैरेट का भाव 148840 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
मुंबई, चेन्नई और कोलकाता: वर्तमान में मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में 22 कैरेट सोने की कीमत 148690 रुपये प्रति 10 ग्राम, जबकि 24 कैरेट सोने की कीमत 162210 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
पुणे और बेंगलुरु में कीमत: इन दोनों शहरों में 24 कैरेट गोल्ड की कीमत 162210 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट गोल्ड की कीमत 148690 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच लड़ाई पिछले 12 दिनों से चल रही है। 28 फरवरी 2026 को इजरायल और अमेरिका ने ईरान के खिलाफ खुली जंग का ऐलान करते हुए एयर स्ट्राइक की। कुछ ही घंटों में ईरान ने भी जवाब देते हुए मिसाइल और ड्रोन से इजरायल पर हमले कर दिए। ईरान ने मध्यपूर्व के कई देशों पर भी हमले किए हैं। इस युद्ध ने दुनिया भर के बाजारों को हिलाकर रख दिया है। वैश्विक ऊर्जा बाजार में भारी उथल-पुथल मच गई है। कच्चे तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। कतर ने प्राकृतिक गैस का उत्पादन रोक दिया है। बहरीन ने कहा है कि उसके ऑयल ऑपरेशंस कॉन्ट्रैक्ट के मुताबिक सप्लाई देने में सक्षम नहीं हैं।
ट्रेड के लिए दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) बंद है। इसी रास्ते से दुनिया की करीब 20% तेल और गैस की सप्लाई गुजरती है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने दावा किया है कि उसने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के समुद्री रास्ते पर नियंत्रण कर लिया है। दूसरे रूट्स से शिपमेंट को डेस्टिनेशन तक पहुंचने में देरी हो रही है।
दूसरी कीमती धातु चांदी में भी 13 मार्च की सुबह गिरावट है। कीमत 279900 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई है। एक दिन पहले दिल्ली के सराफा बाजार में चांदी की कीमत 1,500 रुपये या 0.54 प्रतिशत बढ़कर 2,76,500 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का हाजिर भाव 86.99 डॉलर प्रति औंस है। इस साल जनवरी महीने में चांदी की कीमत 4 लाख रुपये के आंकड़े को क्रॉस कर गई थी।