देश में सोने की कीमत में गिरावट का दौर जारी है। 29 मई की सुबह राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट गोल्ड की कीमत गिरकर 156200 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। मुंबई में भाव 156050 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि अमेरिका-ईरान के बीच जारी तनाव और सुरक्षित निवेश के रूप में डॉलर की बढ़ती मांग के कारण निवेशक सोने की खरीद को लेकर सतर्क हैं। ऐसी खबर है कि अमेरिका और ईरान के बीच 60 दिनों की एक डील फाइनल हुई है और इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मोहर लगना बाकी है। वहीं ईरान के सरकारी मीडिया का कहना है कि अभी कोई डील फाइनल नहीं हुई है।
अगर समझौता नहीं होता है, महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग होर्मुज स्ट्रेट नहीं खुलता है तो कच्चे तेल की कीमतें और बढ़ने और वैश्विक व्यापार में रुकावटें बढ़ने का डर है। इसके कारण महंगाई लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बनी रह सकती है और हो सकता है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व लंबे समय तक अपनी सख्त मौद्रिक नीति जारी रखे। यह सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं के लिए एक निगेटिव फैक्टर है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 4,512.79 डॉलर प्रति औंस पर है।
देश के कुछ बड़े शहरों में गोल्ड रेट
दिल्ली में सोने की कीमत: दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 156200 रुपये प्रति 10 ग्राम है। 22 कैरेट का भाव 143190 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
मुंबई और कोलकाता: मुंबई और कोलकाता में 22 कैरेट सोने की कीमत 145090 रुपये प्रति 10 ग्राम, जबकि 24 कैरेट सोने की कीमत 156050 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
चेन्नई में सोने की कीमत: 24 कैरेट सोने की कीमत 158170 रुपये प्रति 10 ग्राम है। 22 कैरेट का भाव 144990 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
पुणे और बेंगलुरु में कीमत: इन दोनों शहरों में 24 कैरेट गोल्ड की कीमत 156050 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट गोल्ड की कीमत 143040 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
सोने की ही तरह चांदी की कीमत भी और नीचे आई है। 29 मई की सुबह चांदी का भाव 274900 रुपये प्रति किलोग्राम है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर चांदी का भाव 76.17 डॉलर प्रति औंस पर है। सोने और अन्य कीमती धातुओं के बाजारों में कारोबार के माहौल पर भू-राजनीतिक घटनाक्रमों का असर बना हुआ है। इस साल जनवरी महीने में देश में चांदी की कीमत 4 लाख रुपये के आंकड़े को क्रॉस कर गई थी।