देश में सोने की कीमत में 15 जून को बंपर तेजी है। ज्यादातर शहरों में कीमत चढ़ी है। राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट गोल्ड की कीमत बढ़कर 151680 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। बीते सप्ताह 24 कैरेट गोल्ड की कीमत 6680 रुपये तक फिसली। वहीं 22 कैरेट गोल्ड 3400 रुपये तक सस्ता हुआ। भारत के बाहर भी सोने का भाव चढ़ा है। रॉयटर्स के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 2.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 4,323.29 डॉलर प्रति औंस पर है।
जबरदस्त तेजी की वजह है अमेरिका और ईरान का एक शुरुआती समझौते पर पहुंचना। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि दोनों देश युद्ध खत्म करने और होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) से आवाजाही फिर से शुरू करने के लिए एक शुरुआती समझौते पर पहुंच गए हैं। रॉयटर्स के मुताबिक, ईरान के उप-विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने कहा कि 60 दिनों के सीजफायर (युद्धविराम) के दौरान एक ज्यादा व्यापक समझौते पर बातचीत की जाएगी। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा है कि डील शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में साइन होगी।
इस डेवलपमेंट के बाद कच्चे तेल की कीमत गिरी और महंगाई व ऊंची ब्याज दरों को लेकर चिंता कम हुई। ऊंची ब्याज दरों वाले माहौल में सोने-चांदी का आकर्षण कम हो जाता है क्योंकि यह बिना रिटर्न वाले एसेट हैं।
देश के कुछ बड़े शहरों में गोल्ड रेट
दिल्ली में सोने की कीमत: दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 151680 रुपये प्रति 10 ग्राम है। 22 कैरेट का भाव 136790 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
मुंबई और कोलकाता: मुंबई और कोलकाता में 22 कैरेट सोने की कीमत 138900 रुपये प्रति 10 ग्राम, जबकि 24 कैरेट सोने की कीमत 151530 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
चेन्नई में सोने की कीमत: 24 कैरेट सोने की कीमत 153490 रुपये प्रति 10 ग्राम है। 22 कैरेट का भाव 140700 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
पुणे और बेंगलुरु में कीमत: इन दोनों शहरों में 24 कैरेट गोल्ड की कीमत 151530 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट गोल्ड की कीमत 138900 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
सोने की तरह चांदी में भी जबरदस्त तेजी है। कीमत बढ़कर 265000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर चांदी यानि कि स्पॉट सिल्वर की कीमत 3.3 प्रतिशत बढ़कर 70.19 डॉलर प्रति औंस पर है। सोने और चांदी की घरेलू बाजार में कीमतें डोमेस्टिक फैक्टर्स के साथ-साथ ग्लोबल फैक्टर्स से भी प्रभावित होती हैं।