चांदी का भाव 2,51,000 रुपये के पार, जानिये क्यों आ रही है लगातार तेजी

Gold Price Today: दिल्ली के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने की कीमत लगातार चौथे दिन बढ़ी। सोना 1,100 रुपये की तेजी के साथ 1,41,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। यह बढ़त मजबूत वैश्विक संकेतों के चलते देखने को मिली

अपडेटेड Jan 06, 2026 पर 8:54 PM
Story continues below Advertisement
Gold Price Today: दिल्ली के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने की कीमत लगातार चौथे दिन बढ़ी।

Gold Price Today: दिल्ली के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने की कीमत लगातार चौथे दिन बढ़ी। सोना 1,100 रुपये की तेजी के साथ 1,41,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। यह बढ़त मजबूत वैश्विक संकेतों के चलते देखने को मिली। यह जानकारी ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन ने दी।

सोमवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,40,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। यानी एक ही दिन में सोने के दाम में अच्छी-खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई। सर्राफा संघ के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिल रहे सकारात्मक संकेतों का सीधा असर घरेलू कीमतों पर पड़ा है।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी के मुताबिक, मंगलवार को सोने में तेजी जारी रही। उन्होंने बताया कि अमेरिकी डॉलर की कमजोरी और फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के नरम रुख से बाजार को समर्थन मिला है। इससे आने वाले महीनों में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें मजबूत हुई हैं, जिसका फायदा सोने को मिल रहा है।


चांदी की बात करें तो इसमें भी लगातार तीसरे दिन तेजी देखने को मिली। चांदी की कीमत 7,000 रुपये बढ़कर 2,51,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 2,44,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं में मजबूती रही। हाजिर सोना 11.45 डॉलर या 0.26 प्रतिशत बढ़कर 4,460.49 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। मिराए एसेट शेयरखान में कमोडिटी मामलों के प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि भू-राजनीतिक जोखिम बढ़ने के कारण सोने की कीमतों को सहारा मिला है।

वहीं, विदेशी बाजार में हाजिर चांदी भी मजबूत हुई और यह 1.75 डॉलर या 2.28 प्रतिशत की तेजी के साथ 78.36 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। कुल मिलाकर, वैश्विक अनिश्चितता, कमजोर डॉलर और ब्याज दरों को लेकर उम्मीदों के चलते सोना-चांदी दोनों में तेजी का रुख बना हुआ है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।