Gold Rate: इजराइल और ईरान के बीच तनाव बढ़ने की आशंका के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूत रुझानों को देखते हुए मंगलवार को लगातार दूसरे दिन लोकल बाजारों में तेजी का सिलसिला जारी रहा। आज दिल्ली के लोकल बाजार में सोने-चांदी का भाव अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमतें 700 रुपये बढ़कर 73,750 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं। सोमवार को यह 73,050 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत 800 रुपये उछलकर 86,500 रुपये प्रति किलोग्राम की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई। वहीं, इंदौर के लोकल सर्राफा बाजार में 24 कैरेट 10 ग्राम सोने का भाव 75,000 रुपये के भाव को पार कर गया।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में कमोडिटी एक्सपर्ट सौमिल गांधी ने कहा कि विदेशी बाजारों से सकारात्मक संकेत लेते हुए दिल्ली के बाजारों में सोने की हाजिर कीमत (24 कैरेट) 73,750 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रही है, जो पिछले बंद भाव से 700 रुपये की तेजी को दिखा रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स में हाजिर सोना 2,370 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद भाव से 15 डॉलर अधिक है। पिछले सप्ताह इजराइल पर ईरान के हमले के बाद पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने की आशंकाओं के बीच सुरक्षित एसेट के तौर पर सोने की मांग लगातार बढ़ रही है। गांधी ने कहा कि निवेशकों का ध्यान संभावित जवाबी हमले की ओर गया, जिससे दोनों देशों के बीच पूर्ण युद्ध शुरू होने का खतरा बढ़ सकता है। इससे सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में सर्राफा की मांग बढ़ी है। चांदी भी बढ़त के साथ 28.40 डॉलर प्रति औंस पर बोली गई। पिछले कारोबार में यह 28.25 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई थी।
इंदौर में सोने-चांदी का भाव
इंदौर के लोकल सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना 1100 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी के भाव में 850 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हुई।
सोना 75100 रुपये प्रति 10 ग्राम
चांदी 82,850 रुपये प्रति किलोग्राम
चांदी सिक्का 850 रुपये प्रति 10 ग्राम।
क्यों रिकॉर्ड स्तर पर है सोना?
अलावा निवेशक पिछले सप्ताह उम्मीद से अधिक मुद्रास्फीति के आंकड़ों के बाद मंगलवार को अमेरिकी फेडरल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पावेल के भाषण का इंतजार करेंगे, जो मौद्रिक नीति के लिहाज से अधिक जानकारी देगा। इस बीच एमसीएक्स के वायदा कारोबार में सोने का सबसे अधिक कारोबार वाला जून कॉन्ट्रेक्ट 349 रुपये की तेजी के साथ 72,626 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। दिन में कारोबार के दौरान यह 72,927 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी का मई कॉन्ट्रेक्ट 314 रुपये की गिरावट के साथ 83,537 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहा था।
एलकेपी सिक्योरिटीज के कमोडिटी और करेंसी एक्सपर्ट जतीन त्रिवेदी ने कहा कि एमसीएक्स पर सोने में उछाल आया, जबकि कॉमेक्स पर सोना रातोंरात बढ़त के साथ 2,370 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। उन्होंने कहा कि आगे भी सोने के भाव में तेजी बनी रह सकती है।