Gold Rate Today: आज सोने के भाव में लगातार तीसरे दिन गिरावट आई है। सोने का भाव बीते तीन दिनों में 3,000 रुपये से अधिक सस्ता हो चुका है। कल सोने का भाव बड़ी गिरावट के बाद हरे निशान पर आ गया था लेकिन आज फिर सुबह के कारोबार में 560 रुपये की गिरावट प्रति 10 ग्राम रेट में नजर आ रही है। आज 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 96,700 रुपये और 22 कैरेट सोने का रेट 88,500 पर कारोबार कर रहा है। यहां जानें आज बुधवार 14 मई 2025 को देश के बडे़ शहरों में क्या रहा सोने-चांदी का भाव।
सोने के भाव में क्यों आ रही है गिरावट
हाल ही में सोने की कीमतों में आई बड़ी गिरावट का सबसे बड़ा कारण अमेरिका और चीन के बीच तनाव में कमी आना है। अमेरिका ने चीन से आने वाली चीजों पर टैक्स बढ़ाने की योजना फिलहाल 90 दिन के लिए टाल दी है, जिससे दुनियाभर के बाजारों में थोड़ी राहत मिली है। इसकी वजह से लोगों ने सोने में निवेश करना कम कर दिया और पैसा दूसरी जगहों पर लगाना शुरू कर दिया। जब बाज़ार में माहौल शांत होता है, तो लोग सोने जैसे सुरक्षित निवेश की बजाय शेयर मार्केट जैसे विकल्प चुनते हैं।
इसके अलावा रूस-यूक्रेन जंग में शांति की उम्मीद और भारत-पाक के बीच तनाव कम होने की खबरों से भी बाजार में स्थिरता का माहौल बना है। ऐसे समय में आमतौर पर सोने की मांग घट जाती है। ऊपर से शेयर बाजार में तेजी और डॉलर के मजबूत होने से भी सोने की कीमतों पर दबाव बढ़ा है। इन सब वजहों से निवेशकों ने मुनाफा कमाने के लिए अपना सोना बेचना शुरू कर दिया, जिससे दाम और नीचे आ गए।
दिल्ली-मुंबई में 14 मई 2025 सोने का रेट
बुधवार 14 मई 2025 को दिल्ली में 22 कैरेट सोने का दाम 88,710 रुपये और 24 कैरेट सोना 96,760 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। मुंबई में 22 कैरेट सोना 88,050 रुपये और 24 कैरेट सोना 96,060 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है।
बुधवार 14 मई 2025 को चांदी का भाव 97,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर है। चांदी के भाव में कोई बदलाव नहीं आया है।
कैसे तय होती हैं सोने की कीमत?
भारत में सोने की कीमत कई वजहों से बदलती रहती है, जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजार के दाम, सरकार के टैक्स और रुपये की कीमत में उतार-चढ़ाव। सोना सिर्फ निवेश का जरिया नहीं, बल्कि हमारी परंपराओं और त्योहारों का भी अहम हिस्सा है। खासकर शादी और त्योहारों के समय इसकी मांग बढ़ जाती है।