HDFC Ergo ने अपनी हेल्थ पॉलिसी के तीन वेरिएंट्स वापस लिए, जानिए मौजूदा ग्राहकों के लिए क्या विकल्प है

HDFC Ergo ने कहा है कि कंपनी की कई हेल्थ पॉलिसीज हैं। इसलिए जिस हेल्थ पॉलिसी के वैरिएंट्स बंद हो रहे हैं उनके ग्राहक दूसरी पॉलिसी में माइग्रेट कर सकते हैं। कंपनी ने कहा है कि बंद हो रहे वैरिएंट्स के ग्राहकों को पॉलिसी की रिन्यूएल तारीख से पहले दूसरी पॉलिसी में शिफ्ट करना होगा

अपडेटेड May 09, 2024 पर 11:17 AM
Story continues below Advertisement
ग्राहक अब माय: हेल्थ सुरक्षा गोल्ड, माय: हेल्थ सुरक्षा प्लैटिनिम और माय: हेल्थ सुरक्षा सिल्वर प्लान नहीं खरीद सकेंगे। इन प्लान के मौजूदा निवेशक अपनी पॉलिसी रिन्यू नहीं करा सकेंगे।

एचडीएफसी एर्गो ने 8 मई को एक बड़ा ऐलान किया। कंपनी ने अपनी हेल्थ पॉलिसी 'माय: हेल्थ सुरक्षा' के तीन वैरिएंट वापस ले लिए हैं। यह फैसला तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है। इसका मतलब है कि ग्राहक अब माय: हेल्थ सुरक्षा गोल्ड, माय: हेल्थ सुरक्षा प्लैटिनिम और माय: हेल्थ सुरक्षा सिल्वर प्लान नहीं खरीद सकेंगे। इन प्लान के मौजूदा निवेशक अपनी पॉलिसी रिन्यू नहीं करा सकेंगे। अब माय: हेल्थ सुरक्षा की सिर्फ एक पॉलिसी 'कोटी सुरक्षा' बाजार में रह जाएगी। कंपनी के इस फैसले से इस पॉलिसी के मौजूदा ग्राहक चिंतित हैं। उन्हें अपने हेल्थ कवर की चिंता है। सबसे ज्यादा चिंता प्रीमियम को लेकर है।

मौजूदा ग्राहकों के लिए विकल्प

एचडीएफसी एर्गो (HDFC Ergo) ने कहा है कि हेल्थ पॉलिसी के बंद हो चुके वैरिएंट के मौजूदा ग्राहक कंपनी की दूसरी हेल्थ पॉलिसी में माइग्रेट कर सकते हैं। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा है, "एचडीएफसी एर्गों की कई हेल्थ पॉलिसी हैं, जिनमें से ग्राहक अपनी जरूरत और पसंद के हिसाब से माइग्रेट कर सकते हैं।" कंपनी ने कहा है कि वह बंद हो रहे वैरिएंट्स के ग्राहकों को Optima Secure और Arogya Sanjeevani जैसी मौजूदा पॉलिसी में शिफ्ट होने की सुविधा देंगे। यह सुविधा सीनियर सिटीजंस ग्राहकों को भी दी जाएगी।


कब कराना होगा दूसरी पॉलिसी में माइग्रेट?

सबसे पहले बंद हो रहे वैरिएंट्स के ग्राहकों को यह जान लेना जरूरी है कि वे अब अपनी पॉलिसी को रिन्यू नहीं करा सकेंगे। कंपनी ने कहा है कि उनकी पॉलिसी पर मिल रही सुविधाएं पॉलिसी की रिन्यूएल तारीख तक मिलती रहेंगी। कंपनी ने कहा है कि जिन ग्राहकों की पॉलिसी इस साल 7 अगस्त या उसके बाद लैप्स कर रही है, वे HDFC Ergo Optima Restore में माइग्रेट कर सकते हैं।

क्या मौजूदा सुविधाएं मिलती रहेंगी?

एचडीएफसी एर्गो ने यह भी कहा है कि दूसरी हेल्थ पॉलिसी में माइग्रेट करने वाले ग्राहकों को कंटिन्यूटी बेनेफिट्स मिलते रहेंगे। इसका मतलब है कि उन्हें पहले की तरह नेटवर्क हॉस्पिटल्स में इलाज की सुविधा मिलती रहेगी। एक्सपर्ट्स का कहना है कि माय: हेल्थ सुरक्षा सिल्वर और गोल्ड प्लान के फीचर्स काफी हद तक ऑप्टिमा रिस्टोर जैसे हैं। इसलिए ग्राहकों को माइग्रेट करने पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। हालांकि, नो क्लेम बोनस के नियमों में अंतर होने से उन पर कुछ असर पड़ सकता है।

दूसरी कंपनी में भी पॉलिसी पोर्ट कराने का विकल्प

एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर बंद हो रहे वैरिएंट्स के ग्राहक एचडीएफसी एर्गों की दूसरी हेल्थ पॉलिसी में माइग्रेट नहीं होना चाहते हैं तो वे किसी दूसरी जनरल इंश्योरेंस कंपनी में अपनी पॉलिसी पोर्ट करा सकते हैं। यहां यह ध्यान रखने वाली बात है कि पॉलिसी पोर्ट कराने के लिए उसकी एक्सपायरी से कम से कम 45 दिन पहले अप्लिकेशन देना जरूरी है।

यह भी पढ़ें: LIC: अपनी Lapse हुई एलआईसी पॉलिसी को कैसे करें दोबारा शुरू, ये हैं नियम

एचडीएफसी एर्गों ने क्यों वैरिएंट्स वापस लिए?

कई मौजूदा ग्राहक यह जानना चाहते हैं कि आखिर एचडीएफसी एर्गो ने अपनी हेल्थ पॉलिसी के तीन वैरिएंट्स क्यों बंद किए हैं। इस बारे में एक्सपर्ट्स का कहना है कि ऐसा लगता है कि अपोलो म्यूनिख के अधिग्रहण के बाद एचडीएफसी एर्गों अपने प्रोडक्ट्स पोर्टफोलियो को रिबैलेंस करने की कोशिश कर रही है। वह एक जैसे फीचर्स वाले प्रोडक्ट्स को बंद कर रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।