उम्र बढ़ने के साथ घर खरीदने का सपना दूर होता नजर आता है। खासकर तब जब घर खरीदने के लिए होम लोन लेने का प्लान हो। होम लोन चुकाने के लिए पर्याप्त समय होना चाहिए। सवाल है कि क्या नौकरी करने वाले 50 साल के एक व्यक्ति को घर खरीदने के बारे में सोचना चाहिए?

उम्र बढ़ने के साथ घर खरीदने का सपना दूर होता नजर आता है। खासकर तब जब घर खरीदने के लिए होम लोन लेने का प्लान हो। होम लोन चुकाने के लिए पर्याप्त समय होना चाहिए। सवाल है कि क्या नौकरी करने वाले 50 साल के एक व्यक्ति को घर खरीदने के बारे में सोचना चाहिए?
होम लोन लंबी अवधि का लोन होता है
घर खरीदने के लिए आम तौर पर लोग 15-20 साल का होम लोन लेते हैं। अगर व्यक्ति की उम्र करीब 50 साल हो गई है तो उसके पास लंबी अवधि का होम लोन लेने का विकल्प नहीं रह जाता है। दूसरा, 45-50 साल के व्यक्ति पर कई तरह की आर्थिक जिम्मेदारियां होती हैं। माता-पिता की देखभाल, बच्चों का हायर एजुकेशन और उनकी शादी इनमें शामिल हैं।
50 की उम्र में रिटायरमेंट प्लानिंग पर ज्यादा फोकस
एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर व्यक्ति प्राइवेट सेक्टर में नौकरी करता है तो 50 साल के होने पर उसका फोकस रिटायरमेंट प्लानिंग पर बढ़ जाता है। रिटायरमेंट के बाद रेगुलर इनकम का स्रोत बंद हो जाता है। ऐसे में रिटायरमेंट फंड का पैसा काम आता है। भारत में ज्यादातर लोग रिटायरमेंट प्लानिंग के बारे में तब सोचना शुरू करते हैं, जब काफी समय उनके हाथ से निकल चुका होता है।
उम्र बढ़ने पर ज्यादा अमाउंट के होम लोन में दिक्कत
बैंक भी होम लोन देने से पहले व्यक्ति के रिटायरमेंट के बारे में जानना चाहते हैं। कम उम्र के व्यक्ति के होम लोन का अप्लिकेशन आसानी से एप्रूव हो जाता है, जबकि उम्र ज्यादा होने पर बैंक कई तरह की शर्तें लगाते हैं। बैंक होम लोन का जो अमाउंट एप्रूव करते हैं वह घर की कीमत से काफी कम हो सकता है। इससे व्यक्ति पर डाउन पेमेंट का बोझ बढ़ जाता है।
किराए का घर हो सकता है अच्छा विकल्प
ऐसे में किराए का घर सही ऑप्शन लगता है। इसका एक बड़ा फायदा यह है कि किराए के घर में रहने पर व्यक्ति पर होम लोन का पैसा चुकाने का बोझ नहीं रहता है। दूसरा, व्यक्ति के पास अपनी जरूरत और क्षमता के हिसाब से घर का चुनाव करने का विकल्प होता है। इतना ही नहीं, वह अपनी पसंद के शहर में रहने का फैसला ले सकता है।
रिटायरमेंट बाद के खर्च पर ज्यादा फोकस जरूरी
एक्सपर्ट्स का कहना है कि 50 साल के व्यक्ति को घर खरीदने का फैसला काफी सोच-समझकर लेना चाहिए। खासकर अगर व्यक्ति होम लोन लेकर घर खरीदना चाहता है तो यह और भी जरूरी हो जाता है। व्यक्ति को अपनी सेविंग्स और इनवेस्टमेंट के पैसे को रिटायरमेंट बाद के अपने खर्च के लिए सुरक्षित रखना चाहिए। इससे उसे पैसे के लिए दूसरे पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।