9 से 5 की नौकरी में कैसे बन सकते हैं अमीर? यहां जानिये कैसे करनी होगी प्लानिंग

अगर आप ये सोचते हैं कि सिर्फ नौकरी करने से कोई अमीर नहीं बन सकता, तो अब सोच बदलने का वक्त है। हां, आजकल चारों तरफ यही कहा जाता है कि अगर पैसा कमाना है तो बिजनेस करो, स्टार्टअप शुरू करो या फिर किसी नए ट्रेंड में पैसा लगाओ

अपडेटेड Jul 02, 2025 पर 12:27 PM
अगर आप ये सोचते हैं कि सिर्फ नौकरी करने से कोई अमीर नहीं बन सकता, तो अब सोच बदलने का वक्त है।

अगर आप ये सोचते हैं कि सिर्फ नौकरी करने से कोई अमीर नहीं बन सकता, तो अब सोच बदलने का वक्त है। हां, आजकल चारों तरफ यही कहा जाता है कि अगर पैसा कमाना है तो बिजनेस करो, स्टार्टअप शुरू करो या फिर किसी नए ट्रेंड में पैसा लगाओ। लेकिन सच्चाई ये है कि हजारों लोग ऐसे हैं जो अपनी 9 से 5 की नौकरी से ही अच्छी-खासी दौलत बना चुके हैं, और वो भी चुपचाप, बिना शोर किए। उन्होंने कोई बड़ा रिस्क नहीं लिया, न कोई बड़ी स्कीम चलाई। बस अपनी कमाई को सही तरीके से इस्तेमाल करना सीखा। अगर आप भी अपनी नौकरी को सिर दर्द मानते हैं, तो अब उसे कमाई और संपत्ति बनाने वाले एक जरिया की तरह देखने का वक्त आ गया है।

1. नौकरी को एक सैलरी नहीं, एक संपत्ति की तरह देखें

अक्सर लोग नौकरी को सिर्फ टाइमपास या खर्च चलाने का जरिया समझते हैं। लेकिन अगर आप सोच बदलें तो यही नौकरी आपको आर्थिक रूप से मजबूत बना सकती है। इसके लिए जरूरी है कि आप अपने काम की वैल्यू बढ़ाएं। जैसे नई स्किल सीखना, ज्यादा जिम्मेदारी लेना या बेहतर मौके तलाशना। अगर एक ही जगह पर रुके रहेंगे, तो ग्रोथ रुक जाएगी। लेकिन जहां ग्रोथ होगी, वहीं से वेल्थ भी शुरू होगी।


2. सैलरी बढ़े तो खर्च नहीं, सेविंग बढ़ाएं

अक्सर जैसे ही इनकम बढ़ती है, वैसे ही लोग खर्च बढ़ा देते हैं। नई गाड़ी, महंगे मोबाइल, ब्रांडेड कपड़े। लेकिन अगर इनकम के साथ खर्च भी उसी रफ्तार से बढ़े, तो सेविंग कैसे होगी? समझदारी ये है कि लाइफस्टाइल को कंट्रोल में रखें और ज्यादा कमाई का एक हिस्सा सेव और इन्वेस्ट में लगाएं। यही आदत आगे चलकर वेल्थ बनाएगी।

3. पैसे को आराम मत करने दो — काम पर लगाओ

सिर्फ सेविंग्स करना काफी नहीं है। जो पैसा सेव कर रहे हो, उसे सही जगह इन्वेस्ट करो ताकि वो आपके लिए खुद कमाने लगे। SIP, म्यूचुअल फंड, PF, या गोल्ड बॉन्ड जैसे आसान और सेफ तरीके हैं, जिससे आप बिना रिस्क लिए पैसा बढ़ा सकते हैं। हर महीने थोड़ा-थोड़ा इन्वेस्ट करने से लंबे पीरियड में बड़ा फर्क दिखेगा।

4. छोटा साइड इनकम शुरू करो

साइड इनकम का मतलब ये नहीं कि अपनी नौकरी छोड़कर बिजनेस कर लो। आप अपनी नौकरी के साथ-साथ छोटी मोटी कमाई शुरू कर सकते हैं। जैसे फ्रीलांसिंग, ऑनलाइन कोर्स बेचना, डिजिटल प्रोडक्ट बनाना या यूट्यूब पर वीडियो डालना। इससे आपकी आमदनी बढ़ेगी और बड़े गोल्स जैसे घर खरीदना या लोन चुकाना आसान होगा।

5. कर्ज को समझदारी से इस्तेमाल करो

हर कर्ज खराब नहीं होता। अगर आप लोन लेकर कोई ऐसी चीज खरीदते हैं जो आगे चलकर आपकी संपत्ति बने। जैसे घर या एजुकेशन, तो वो सही है। लेकिन अगर सिर्फ दिखावे के लिए खर्च कर रहे हैं, तो कर्ज आपके लिए मुसीबत बन सकता है। सोच-समझकर कर्ज लें और जल्दी चुकाने की प्लानिंग करें।

6. धीरे-धीरे, लेकिन लगातार आगे बढ़ें

अमीर बनने का कोई शॉर्टकट नहीं होता। असली दौलत धीरे-धीरे बनती है। हर दिन छोटी-छोटी सेविंग, सही फैसले, स्किल बढ़ाना और अपने करियर को मजबूत करना। यही सब मिलकर बड़ी सफलता लाते हैं। जो लोग लगातार मेहनत करते रहते हैं, वही लोग असली में आगे निकलते हैं।

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।