नौकरीपेशा लोगों के लिए अब अपना PF बैलेंस और उससे जुड़ी जानकारी हासिल करना पहले से ज्यादा आसान हो सकता है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने WhatsApp के जरिए एक नई सुविधा शुरू की है। इसकी मदद से कर्मचारी अपने मोबाइल फोन पर ही PF बैलेंस, पासबुक और हाल ही में हुए लेन-देन की जानकारी देख सकेंगे। इस सर्विस के जरिए अब जरूरी जानकारी पाने के लिए बार-बार EPFO की वेबसाइट या दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने की जरूरत नहीं होगी। आइए जानते हैं कि WhatsApp की ये सुविधा कैसे काम करती है और इसके जरिए कौन-कौन सी जानकारियां मिल सकती हैं।
EPFO की WhatsApp सुविधा से कर्मचारी बिना कोई ऐप डाउनलोड किए अपने कई PF खातों की जानकारी देख सकेंगे। इसमें जमा रकम, हर महीने का योगदान और खाते में हुए लेन-देन का ब्योरा भी मिलेगा। इससे PF की जानकारी लेना आसान और तेज हो जाएगा।
EPFO की WhatsApp सर्विस का लाभ उठाने के लिए सबसे पहले EPFO के आधिकारिक नंबर पर 'Hi' लिखकर मैसेज भेजना होगा। इसके बाद स्क्रीन पर दिए गए ऑप्शनों में से अपनी भाषा चुनें और PF बैलेंस देखने के लिए 'Check Balance' पर क्लिक करें। आगे की प्रक्रिया में आपके आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा। इस कोड को दर्ज करने के बाद आप अपने PF खाते की जानकारी देख सकेंगे। मोबाइल पर आए OTP को दर्ज करके अपनी पहचान की पुष्टि करें।
WhatsApp पर मिलेगा सभी ब्योरा
OTP डालने के बाद अगर आपके यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) से एक से ज्यादा PF खाते जुड़े हैं, तो आपको उस खाते का चयन करना होगा जिसकी जानकारी चाहिए। अकाउंट चुनते ही उससे जुड़ी जरूरी डिटेल्स आपके WhatsApp पर मिल जाएंगी। इस सुविधा के जरिए कर्मचारी अपने PF खाते में अब तक जमा कुल रकम की जानकारी हासिल कर सकते हैं। इसमें कर्मचारी और कंपनी की ओर से जमा किए गए पैसों का अलग-अलग ब्योरा भी मिलेगा। इसके अलावा, सदस्य अपने पेंशन खाते में जमा राशि भी देख सकेंगे। इससे उन्हें यह समझने में आसानी होगी कि रिटायरमेंट के लिए अब तक कितनी बचत हुई है।
पिछले 5 लेन-देन का ले सकते हैं लाभ
इस WhatsApp सुविधा के जरिए कर्मचारी अपने PF खाते में हुए पिछले पांच लेन-देन का ब्योरा भी देख सकते हैं। इसके साथ ही उन्हें PF पासबुक डाउनलोड करने की सुविधा भी मिलेगी। खास बात ये है कि इस सर्विस में कई भाषाओं का विकल्प दिया गया है, ताकि सदस्य अपनी पसंद की भाषा में खाते से जुड़ी जानकारी आसानी से समझ सकें। EPFO WhatsApp पर पीएम विकसित भारत रोजगार योजना, आधार फेस ऑथेंटिकेशन और बैंक खाते को PF से जोड़ने की जानकारी भी दे रहा है। इसके अलावा, WhatsApp से PF निकालने की सुविधा शुरू करने की योजना है। अभी इस पर काम चल रहा है और यह सेवा सदस्यों के लिए शुरू नहीं की गई है।