Sukanya Samriddhi Yojana: फाइनेंशियल ईयर 2022-23 खत्म होने में 8 दिन का समय बचा है। वित्त वर्ष 31 मार्च को खत्म हो जाएगा। अगर आपने अभी तक टैक्स बचाने के लिए निवेश नहीं किया है तो अब कम समय बचा है। यहां आपको ऐसी ही एक योजना जो बेटियों के लिए चलाई जा रही है। इसमें आप निवेश करके बेटी के करियर के लिए बड़ा फंड खड़ा कर सकते हैं। सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) एक ऐसी योजना है जो टैक्स बचाने के साथ-साथ आपकी बच्ची के फाइनेंशियल भविष्य को सुरक्षित कर सकती है। जानिए आप कैसे और कहां निवेश कर सकते हैं।
अभी इतना मिल रहा है ब्याज
सुकन्या समृद्धि योजना में जनवरी-मार्च 2023 के लिए 7.6 प्रतिशत की दर से सालाना ब्याज मिल रहा है। वार्षिक ब्याज दर प्रदान करती है। योजना पर ब्याज दर की तिमाही आधार पर समीक्षा की जाती है और इस महीने के अंत तक इसमें रिवीजन होगा। SSY योजना अन्य छोटी बचत योजनाओं की तुलना में बेहतर रिटर्न देती है। इसमें किसी तरह का जोखिम नहीं है और इस योजना को सरकार चला रही है।
सुकन्या समृद्धि योजना खाता कौन खोल सकता है?
खाता खोलने के दिन 10 साल से कम उम्र की बालिका के नाम पर अभिभावक सुकन्या समृद्धि योजना खाता खोल सकते हैं। एक बार जब लड़की 18 साल की हो जाएगी तो वह खाताधारक बन जाएगी। यह खाता एक परिवार में अधिकतम दो लड़कियों के लिए खुलवाया जा सकता है। बशर्ते जुड़वां/तीन लड़कियों के जन्म के मामले में दो से अधिक खाते खोले जा सकते हैं।
कहीं भी खोल सकते हैं अकाउंट
SSY योजना का एक बड़ा प्लस प्वाइंट यह है कि SSY खाता किसी भी बैंक या पोस्टऑफिस में खोला जा सकता है और अन्य बैंक ब्रांच या पोस्ट ऑफिस में आसानी से ट्रांसफर किया जा सकता है। इस योजना में निवेश का समय 15 साल और मैच्योरिटी 21 साल में होती है।
सुकन्या समृद्धि योजना खातों में जमा करने के नियम
एक SSY खाता न्यूनतम 250 रुपये के साथ खोला जा सकता है। पैसा निवेश करने वाले हर एक फाइनेंशियल ईयर में न्यूनतम 250 रुपये और अधिकतम 1.5 लाख रुपये जमा कर सकते हैं। यदि न्यूनतम राशि नहीं रखी जाती है, तो 50 रुपये का जुर्माना देना होगा और खाते को डिफॉल्ट माना जाएगा। डिफॉल्ट अकाउंट को 250 रुपये और 50 रुपये जुर्माना देकर फिर से एक्टिव किया जा सकता है।
250 रुपये के साथ खाता खोलने पर मैच्योरिटी पर मिलेंगे 2.5 लाख रुपये
यदि आप 250 रुपये के साथ खाता खोलते हैं और 500 रुपये हर महीना जमा करते हैं तो आप सालाना 6,000 रुपये इस अकाउंट में डालेंगे। उदाहरण के लिए अगर आपकी बेटी की उम्र 1 साल है, तो उसे 22 साल की उम्र तक आप इस अकाउंट में 90,000 रुपये निवेश करेंगे तो आपको मैच्योरिटी पर 2,54,606 रुपये मिलेंगे। आपको 1,64,606 रुपये का ब्याज मिलेगा।