यस बैंक (Yes Bank) ने निवेशकों के लिए एक स्पेशल फिक्स्ड डिपॉजिट (Special FD) स्कीम लॉन्च की है। इसके तहत रिटेल निवेशकों को जहां 7.25 फीसदी, वहीं सीनियर सिटीजंस को 7.75 फीसदी का ब्याज मिलेगा। बैंक ने बताया कि यह स्पेशल FD स्कीम 12 अक्टूबर 2022 से लागू हो गया है और इच्छुक निवेशक इसका फायदा उठा सकते हैं।
यस बैंक का स्पेशल FD स्कीम 2 करोड़ से कम राशि के निवेश के लिए है। इस स्कीम की अवधि 20 महीने से लेकर 22 महीने तक की है। रिटेल निवेशकों को इस स्कीम में निवेश पर 7.25 फीसदी की सालाना ब्याज दर मिलेगी।
वहीं सीनियर सिटीजंस को इस स्कीम के तहत निवेश करने पर 7.75 फीसदी का ब्याज मिलेगा, जो महंगाई की मौजूदा दर को मात देने वाला है। बता दें कि इस समय बहुत कम FD स्कीमें ही ऐसी हैं, जो अपने निवेशकों को महंगाई को मात देने वाला रिटर्न ऑफर कर रही हैं।
इस बीच यस बैंक के शेयर आज यानी बुधवार 12 अक्टूबर को एनएसई पर 0.93 फीसदी गिरकर 16.00 रुपये के भाव पर बंद हुए। कंपनी के शेयरों में साल 2022 की शुरुआत से अब तक करीब 13.88 फीसदी की तेजी आई है। वहीं पिछले एक साल में इसका भाव करीब 20.75 फीसदी बढ़ा है।
HDFC बैंक ने भी FD पर बढ़ाई ब्याज दर
प्राइवेट सेक्टर के लेंडर एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) ने 2 करोड़ रुपये से कम के फिक्स्ड डिपॉजिट (FDs) पर ब्याज दरें बढ़ा दी हैं। बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, नई दरें 11 अक्टूबर से ही लागू हो गई हैं।
बैंक ने फिक्स्ड डिपॉजिट (FDs) पर ब्याज दरों में 0.75 फीसदी तक का इजाफा किया है। यह पिछले दो महीनों में दूसरा मौका है, जब बैंक ने FD के रेट्स बढ़ाए हैं। HDFC बैंक में अब 7 दिन से 10 साल तक की अवधि के लिए फिक्स्ड डिपॉजिट करने वाले निवेशकों को 3 से 6 फीसदी के बीच ब्याज मिलेगा। वहीं वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह ब्याज दर 3.50% से 6.75% होगी।