जून 2023 में भी हायरिंग की रफ्तार सुस्त रही। इस दौरान देशभर में नौकरियों के लिए भर्ती में कुल 3 पर्सेंट की गिरावट हुई। आईटी इंडस्ट्री में भर्ती का माहौल चिंता का विषय बना हुआ है और पिछले महीने इसें सालाना आधार पर 31 पर्सेंट की गिरावट देखने को मिली। जून में जिन सेक्टरों में रोजगार के मामले में सबसे ज्यादा ग्रोथ रही, उनमें एनर्जी और रियल एस्टेट सेक्टर शामिल हैं। Naukri.com की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इन दोनों सेक्टरों में क्रमशः 40 और 17 पर्सेंट की ग्रोथ रही।
जून में नौकरी जॉबस्पीक इंडेक्स 2,795 रहा। मई 2023 के मुकाबले इसमें 2 पर्सेंट की गिरावट हुई, जबकि जून 2022 की तुलना में यह 3 पर्सेंट कम रहा। यह इंडेक्स भारत में हायरिंग से जुड़ा प्रमुख सूचकांक है और हर महीने 10 लाख नौकरियों के आधार पर इसका आकलन किया जाता है।
Naukri.com की तरफ से 3 जुलाई को जारी बयान में कहा गया, 'टेक्नोलॉजी सेक्टर और महागनरों में पढ़े-लिखे लोगों के लिए नौकरियों की संख्या में गिरावट आई, जबकि रियल एस्टेट और एनर्जी (खास तौर पर गैर-मेट्रो शहरों में) में स्थिति बेहतर रही।' इस दौरान ऑयल एंड गैस, रियल एस्टेट और फार्मा सेक्टर में रिकॉर्ड हायरिंग हुई।
नौकरी जॉबस्पीक इंडेक्स के मुताबिक, ऑयल एंड गैस सेक्टर में बुल रन जारी रहा और इन सेक्टरों में जून 2022 के मुकाबले 40 पर्सेंट की ग्रोथ हुई। रिफाइनरी के तेज विस्तार और घरेलू व निर्यात संबंधी मांग में बढ़ोतरी से इन सेक्टरों में नौकरियों की मांग बढ़ी। जिन पदों के लिए सबसे ज्यादा भर्ती हुई, उनमें इंजीनियर, रिफाइनरी ऑपरेशन मैनेजर, और हेल्थ, सेफ्टी और एनवायरनमेंट स्पेशलिस्ट (HSE specialists) शामिल हैं।
ये भर्तियां मुख्य तौर पर अहमदाबाद, मुंबई और दिल्ली-एनसीआर में हुईं। संबंधित अवधि में रियल एस्टेट सेक्टर में नौकरियों में पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 17 पर्सेंट की ग्रोथ रही। इंफ्रास्ट्रक्चर डिवेलपमेंट और कमर्शियल रियल एस्टेट मे तेजी की वजह से मुंबई और चेन्नई में प्रॉपर्टी सेक्टर में कई पदों पर भर्तियों में तेजी रही। फार्मास्युटिकल सेक्टर में नई नौकरियों में 14 पर्सेंट की ग्रोथ रही। फार्मा सेक्टर में नौकरियों के लिए अहमदाबाद, चेन्नई और पुणे बेहतर ठिकाने के तौर पर उभरकर सामने आए। ऑटोमोबाइल, हॉस्पिटैलिटी और बैंकिंग सेक्टर में भी नई नौकरियों में बढ़ोतरी देखने को मिली। इन सेक्टरों में नौकरियों में क्रमशः 12,11 और 11 पर्सेंट की ग्रोथ रही।
IT, रिटेल और FMCG में सुस्त रही हायरिंग
जून में आईटी सेक्टर में नई नौकरियों में 31 पर्सेंट की गिरावट रही। हायरिंग में गिरावट का ट्रेंड स्टार्टअप्स, यूनिकॉर्न और बड़ी आईटी कंपनियों , सभी जगहों पर देखने को मिला। आईटी सेक्टर के अलावा, रिटेल, BPO, एजुकेशन, FMCG और इंश्योरेंस में भी हायरिंग सेंटीमेंट कमजोर रहा।