झारखंड: जिंदगी की जंग हार चुकी छात्रा की मौत पर उबाल, एकतरफा प्यार में शाहरुख ने पेट्रोल छिड़क कर लगा दी थी आग

झारखंड के दुमका में अल्पसंख्यक समुदाय के एक युवक ने एकतरफा प्यार में असफल होने पर 12वीं की एक छात्रा पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस घटना में युवती 90 फीसदी झुलस गई थी

अपडेटेड Aug 29, 2022 पर 2:25 PM
छात्रा को इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार तड़के ढाई बजे उसकी मौत हो गई

Dumka Girl Death Case: झारखंड के दुमका में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली 16 साल की एक छात्रा की मौत पर बवाल खड़ा हो गया है। 12वीं में पढ़ने वाली उस बेटी ने रविवार तड़के रांची में दम तोड़ दिया, जिसे 23 अगस्त को अंकिता के पड़ोस में रहने वाले 19 वर्षीय शाहरुख नाम के एक युवक ने पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया था। युवक के सनक की शिकार लड़की आखिरकार जिंदगी की जंग हार गई।

ये भी पढ़ें- स्पेशल कोर्ट ने NSE की पूर्व सीईओ चित्रा रामकृष्ण की जमानत याचिका खारिज की

एकतरफा प्रेम प्रस्ताव का जवाब नहीं देने पर युवक ने कथित तौर पर युवती पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। इसके बाद लड़की को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार तड़के ढाई बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि घटना दुमका नगर थानाक्षेत्र अन्तर्गत जेरुवाडीह मोहल्ले की है।


इलाके में धारा 144 लागू

आरोपी पेशे से टाइल्स कारीगर है और वह पड़ोस में रहने वाले कारोबारी संजीव सिंह की 16 वर्षीया बेटी अंकिता से एकतरफा प्रेम करता था। लेकिन अंकिता द्वारा प्रेम प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज आरोपी ने उस पर सोते समय 23 अगस्त की सुबह खिड़की से पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। 12वीं की मार्कशीट के मुताबिक, अंकिता की उम्र 15 साल 9 महीना 2 दिन की थी। अंकिता की मौत के बाद दुमका में विरोध शुरू हो गया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने दुमका में धारा 144 लागू कर दी है।

छात्रा ने तोड़ा दम

दुमका के पुलिस अधीक्षक अंबर लकड़ा ने पीटीआई को बताया कि घटना में 90 फीसदी झुलस गई युवती को इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार तड़के ढाई बजे उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि युवती के जेरुवाडीह मोहल्ले स्थित घर पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

दुमका के एसडीओ महेश्वर महतो ने बताया कि युवती के मरने की सूचना दुमका पहुंचने पर वहां स्थिति तनावपूर्ण हो गई, वहां दोषी को फांसी देने की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल ने जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि विरोध प्रदर्शनों के बाद हालात को ध्यान में रखते हुए दुमका शहर में सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।

बीजेपी का हमला

इस सिलसिले में गोड्डा से बीजेपी सांसद डा निशिकांत दूबे ने ट्वीट किया है, ‘‘काश दुमका की बेटी अंकिता को हम लोग शाहरुख़ जैसे दरिंदे से बचा पाते।'' सांसद ने आगे दुमका के पुलिस उपाधीक्षक की भूमिका पर सवाल उठाते हुए लिखा है, ‘‘मुस्लिम पदाधिकारी नूर मुस्तफ़ा का अपराधी का साथ देना देश के लिए घातक. संथाल परगना अपनी बेटी की हत्या के बाद उद्वेलित है।'' इस बीच पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुमका में स्थिति नियंत्रण में है।

90 फीसदी जल गई थी छात्रा

23 अगस्त को अल्पसंख्यक समुदाय से ताल्लुक रखने वाले शाहरुख ने एकतरफा प्यार में असफल होने पर अंकिता पर देर रात सोते समय खिड़की से पेट्रोल उड़ेल कर आग लगा दी थी, जिसमें वह 90 प्रतिशत जल गई थी। घटना से क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव व्याप्त हो गया है और बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने आज दुमका बाजार में बंद रखा और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शाहरुख के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने की मांग की है।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद अंकिता को रांची स्थित रिम्स (RIMS) में भर्ती कराया गया था, जहां कार्यपालक दंडाधिकारी चन्द्रदीप सिंह ने उसका बयान दर्ज किया, जिसे अब पीड़िता का मृत्यु पूर्व अंतिम बयान मान लिया गया है। पुलिस ने बताया कि शाहरुख पिछले कुछ समय से अंकिता को परेशान कर रहा था और जब वह प्रेम संबंध रखने को राजी नहीं हुई तो आरोपी ने धमकी दी थी, ‘‘अगर मेरा कहा नहीं मानेगी तो तुम्हें मार डालूंगा।'' पुलिस ने आरोपी युवक शाहरुख को गिरफ्तार कर मंगलवार को ही न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।