इंडिया में फेस्टिवल सीजन (Festival Season) अगस्त-सितंबर से शुरू हो जाता है। फिर यह दिसंबर में न्यू ईयर सेलेब्रेशन तक चलता है। इस दौरान कई लोग घर (Flat), कार (Car) या दूसरी महंगी चीजें खरीदने का प्लान बनाते हैं। इस दौरान ये चीजें खरीदना शुभ माना जाता है। इसलिए इस सीजन में लोन की मांग बढ़ जाती है। मौके का फायदा उठाने के लिए बैंक भी फेस्टिवल लोन ऑफर शुरू करते हैं। इसमें प्रोसेसिंग शुल्क में छूट से लेकर इंटरेस्ट रेट में रियायत जैसी चीजें शामिल होती हैं।
अगर आप बैंकों के फेस्टिव लोन ऑफर का फायदा उठाना चाहते हैं तो कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। पहला, लोन एक रिस्पॉन्सिबिलिटी है। अगर आप लोन ले रहे हैं तो उसे तय वक्त में चुकाना जरूरी है। ऐसा नहीं करने पर आपका क्रेडिट स्कोर खराब हो सकता है। अगर आप लोन लेकर उसे तय वक्त पर चुका देते हैं तो इसका आपके क्रेडिट स्कोर पर अच्छा असर पड़ेगा।
इन पांच बातों का ध्यान आपको लोन लेने से पहले रखना चाहिए:
कई बार फेस्टिवल के दौरान कंपनियों और बैंकों के ऑफर को देख हम बड़ी खरीदारी का फैसला कर लेते हैं। फिर बाद में हमें यह बोझ लगने लगता है। इसीलिए पहले आप फेस्टिवल के दौरान खरीदारी के लिए अपना बजट तय कर लें। अगर आप किसी चीज को खरीदने के लिए लोन लेने के बारे में सोच रहे हैं तो आपको यह तय कर लेना ठीक रहेगा कि आपको कितने अमाउंट का लोन लेना चाहिए।
क्रेडिट स्कोर का ध्यान रखें
बैंक या एनबीएफसी आपको लोन देने से पहले आपका क्रेडिट स्कोर देखते हैं। आम तौर पर 750 से ज्यादा क्रेडिट स्कोर अच्छा माना जाता है। अगर आपका क्रेडिट स्कोर कम है तो आपको अपने पुराने लोन को चुकाकर इसे ठीक करने की कोशिश करनी चाहिए। छोटी अवधि में आपको कई लोन लेने से बचना चाहिए। इसका आपके क्रेडिट स्कोर पर खराब असर पड़ता है।
बुद्धिमानी से करें लोन के ऑप्शन का चुनाव
अगर आप महंगा टीवी खरीद रहे हैं तो आपको क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करने की जगह कंज्यूमर लोन लेना ठीक रहेगा। इसलिए खरीदने से पहले लोन के सभी ऑप्शन को देख लें। जिस लोन में आपको फायदा दिख रहा हो, उसी को सेलेक्ट करें। अगर किसी लोन का इंटरेस्ट रेट कम है लेकिन प्रोसेसिंग फीस ज्यादा है तो फिर आपको यह देखना होगा कि आप लोन की कुल अवधि में कितना इंटरेस्ट रेट चुका रहे हैं। कम इंटरेस्ट रेट वाला लोन लेना फायदेमंद रहेगा।
लोन के नियम एवं शर्तों को ठीक से देख लें
अगर आप फेस्टिवल लोन ऑफर ले रहे हैं तो फॉर्म पर साइन करने से पहले नियम एवं शर्तों को पढ़ लें। जल्दबाजी में फॉर्म पर साइन नहीं करें। कई बार ऐसा होता है कि लोन लेते वक्त जो जानकारियां आपको दी जाती हैं वह आधी-अधूरी होती है। इससे बाद में दिक्कत का सामना करना पड़ता है। इसलिए पहले ही इस बारे में पूछताछ कर लेना ठीक रहेगा।
EMI पेमेंट कभी मिस नहीं करें
लोन लेने के बाद आपको उसकी ईएमआई पेमेंट को याद रखना जरूरी है। हर महीने इसके पेमेंट की तारीख आपको याद रखना होगा। ईएमआई पेमेंट मिस होने पर आपके क्रेडिट स्कोर पर खराब असर पड़ सकता है। इससे आपके लिए फ्यूचर में लोन लेना मुश्किल हो जाएगा। इसलिए आपको एक भी ईएमआई मिस नहीं करना चाहिए।