लिएंडर पेस पर कभी 150000 डॉलर का कर्ज था, दिग्गज प्लेयर ने कहा-बच्चों को शुरू से ही पैसे का महत्व सीखना चाहिए

लिएंडर पेस ने कहा कि बच्चों को शुरू से ही पैसे की वैल्यू समझने की जरूरत है। हर बच्चे को यह समझना होगा कि चाहे 12,000 रुपये, 25,000 रुपये या 1 लाख रुपये हो, उसका 50 फीसदी निवेश किसी अच्छे पोर्टफोलियो में करना जरूरी है। बाकी पैसा खुद पर खर्च किया जा सकता है। इसमें व्यक्ति का प्रोफेशन, स्किल आदि शामिल है। ऐसा करने से व्यक्ति की लाइफस्टाइल अच्छी हो सकती है

अपडेटेड Oct 14, 2023 पर 11:22 AM
आज के हालात को देखते हुए उन्होंने लिक्विड कैश अपने पास रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कई सालों तक मैंने रियल एस्टेट में निवेश किया। उसके बाद कोविड आ गया। मैंने 31 साल का करियर पूरा करने के बाद अचानक महसूस किया कि मेरे पास लिक्विड कैश की कमी है। मेरा मानना है कि कोविड ने हमें बहुत सिखाया है।

स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को पैसे-रुपये के इस्तेमाल से जुड़ी बातें बताई जानी चाहिए। मनी मैनेजमेंट स्कूली पाठ्यक्रम का हिस्सा होना चाहिए। मशहूर टेनिस प्लेयर लिएंडर पेस (Leander Paes) ने यह सलाह दी है। मनीकंट्रोल एमएफ समिट 2023 में उन्होंने ये बातें कहीं। उन्होंने बताया कि इससे बच्चों में निवेश की समझ बढ़ेगी। हर बच्चा यह समझने लगेगा कि इनकम चाहे 12,000 रुपये, 25,000 रुपये या 1 लाख रुपये हो, उसका 50 फीसदी निवेश किसी अच्छे पोर्टफोलियो में करना जरूरी है। बाकी पैसा खुद पर खर्च किया जा सकता है। इसमें व्यक्ति का प्रोफेशन, स्किल आदि शामिल है। ऐसा करने से व्यक्ति की लाइफस्टाइल अच्छी हो सकती है। उन्होंने मनी मैनेजमेंट के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि पैसे कमाने और उसके इस्तेमाल के बीच काफी फर्क है। पेस ने अपनी जिंदगी के संघर्ष के दिनों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें लॉकर रूप में सोना पड़ता था। उनके पास अपने कोच को देने के लिए पैसे नहीं होते थे।

अपने करियर में इनवेस्ट करना अहम है

दिग्गज टेनिस प्लेयर ने कहा कि उनके पास पैसे नहीं होने के बावजूद लोग उन पर भरोसा करते थे। उन्होंने कहा कि अगर चीजें बाद में बेहतर नहीं हुई होती तो वह कर्ज में डूब जाते। उन्होंने कहा, "मुझे याद है जब मैं 19 साल का था तो एक बार जर्मनी जाने का मौका मिला। मैं वोल्फ्सबर्ग में था। मुझ पर 1,50,000 डॉलर का कर्ज था। मेरे कोच को मुझ पर भरोसा था। उन्होंने कहा कि अगर मैं जीत जाता हूं तो मैं उनके पैसे लौटा सकता हूं। यह बात हमेशा मेरे दिमाग में बनी रही। इसलिए मैनें अपनी फिटनेस में इनवेस्ट किया। मैंने अपनी स्किल में इनवेस्ट किया। मैं अमीर घर में पैदा नहीं हुआ था। मेरे पिता एक डॉक्टर थे, जो कड़ी मेहनत करते थे। मेरी मां एक एथलीट थी। वह भी कड़ी मेहनत करती थी।"


पैसे के महत्व के बारे में जल्द जान लेना बहुत जरूरी है

पेस ने कहा कि इन सभी चीजों से मुझे पैसे के महत्व के बारे में जानने का मौका मिला। हर व्यक्ति को यह समझना होगा कि वह कितना रिस्क ले सकता है। उन्होंने कहा कि मैंने 23 से 43 साल की उम्र के बीच जितने पैसे कमाए, उसका 50 फीसदी रियल एस्टेट में निवेश किया। उन्होंने कहा, "मैं शेयरों की कीमतों में रोज होने वाले उतार-चढ़ाव को हैंडल नहीं कर सकता था। इसकी वजह यह थी कि मुझे काफी वक्त अपने फिजिकल, मेंटल और इमोशनल फिटनेस के लिए देना पड़ता था। कोर्ट पर बेहतर प्रदर्शन के लिए यह जरूरी था।" अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए पेस ने कहा कि वह सुबह उठने पर यह नहीं देखना चाहते थे कि कोई स्टॉक 1-2 फीसदी गिर गया है। अगले दिन वह शेयर 3 फीसदी गिर गया है। इससे मैं इतना उत्साहित हो गया था कि विंबलडन फाइनल में मैंने डबल फॉल्ट कर दिया। मैं ऐसा करना नहीं चाहता था।

हमेशा अपने पास कुछ लिक्विड कैश रखें

आज के हालात को देखते हुए उन्होंने लिक्विड कैश अपने पास रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कई सालों तक मैंने रियल एस्टेट में निवेश किया। उसके बाद कोविड आ गया। मैंने 31 साल का करियर पूरा करने के बाद अचानक महसूस किया कि मेरे पास लिक्विड कैश की कमी है। मेरा मानना है कि कोविड ने हमें बहुत सिखाया है। खासकर लिक्विडिटी के बारे में हमें जानने के लिए मिला। अगर आप यह देखें कि दुनिया में क्या चल रहा है तो ऐसा लगता है कि यह स्थिति बहुत नाजुक है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट बनना और स्मार्ट काम करना बहुत जरूरी है। पैसे को मैनेज करने के लिए आपके पास अच्छा फंड मैनेजर होना बहुत जरूरी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।