LIC Housing Finance ऑफर कर रहा है SBI से सस्ता लोन, चेक करें EMI में कितना होगा फायदा

Home Loan Rates: रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के 5 दिसंबर को रेपो रेट में 0.25% की कटौती की जिसके बाद देश के ज्यादातर बैंक होम लोन का इंटरेस्ट कम कर रहे हैं। अब इस गिनती में LIC हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड का नाम भी शामिल हो गया है

अपडेटेड Dec 24, 2025 पर 3:34 PM
LIC हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड ने होम लोन पर इंटरेस्ट कम कर दिया है।

Home Loan Rates: रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के 5 दिसंबर को रेपो रेट में 0.25% की कटौती की जिसके बाद देश के ज्यादातर बैंक होम लोन का इंटरेस्ट कम कर रहे हैं। अब इस गिनती में LIC हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड का नाम भी शामिल हो गया है। लेकिन अब ये देश के बड़े बैंकों की तुलना में कम इंटरेस्ट में होम लोन ऑफर कर रहा है। ये दरें 7.15 फीसदी से शुरू होंगी। यह नई दरें 22 दिसंबर से लागू हो चुकी हैं। LIC हाउसिंग फाइनेंस, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की सहायक कंपनी है और फिलहाल यह देश की सबसे सस्ती होम लोन दरों में से एक मानी जा रही है।

SBI से भी सस्ता हुआ LIC का होम लोन

देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) इस समय 7.25% की शुरुआती ब्याज दर पर होम लोन दे रहा है, जो 15 दिसंबर से लागू है। ऐसे में LIC हाउसिंग फाइनेंस की 7.15% की दर SBI से 0.10% कम है। यह अंतर भले ही छोटा लगे, लेकिन लंबे समय में ग्राहकों को अच्छी खासी सेविंग करा सकता है।


50 लाख रुपये के लोन पर कितनी होगी EMI?

अगर कोई ग्राहक LIC हाउसिंग फाइनेंस से 20 साल के लिए 50 लाख रुपये का होम लोन 7.15% ब्याज दर पर लेता है, तो उसकी मंथली EMI करीब 39,216 रुपये होगी। पूरे 20 साल में कुल ब्याज 44.11 लाख रुपये के आसपास आएगा। कुल चुकाया गया अमाउंट 94.11 लाख रुपये होगी। वहीं, अगर यही लोन SBI से 7.25% ब्याज दर पर लिया जाए, तो EMI 39,519 होगी। कुल ब्याज 44.84 लाख रुपये और कुल पेमेंट 94.84 लाख रुपये तक पहुंच जाएगा। इस तरह LIC हाउसिंग फाइनेंस से लोन लेने पर ग्राहक हर महीने 303 रुपये की सेविंग कर सकता है। सालाना यह सेविंग 3,636 रुपये और पूरे 20 साल में 72,720 रुपये तक हो जाती है।

EMI की सेविंग से बन सकता है बड़ा फंड

अगर ग्राहक हर महीने बचने वाले 303 को किसी SIP (सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान) में 12% अनुमानित रिटर्न के साथ निवेश करता है, तो 20 साल में कुल निवेश 72,720 रुपये होगा। इस पर मिलने वाला ब्याज करीब 2.05 रुपये लाख हो सकता है और मैच्योरिटी पर कुल अमाउंट लगभग 2.78 लाख रुपये तक पहुंच सकती है। यानी छोटी-छोटी सेविंग लंबे समय में बड़ा फायदा दे सकती है।

किन्हें मिलेगा सबसे सस्ता लोन?

ध्यान देने वाली बात यह है कि 7.15% की सबसे कम ब्याज दर केवल उन्हीं ग्राहकों को मिलेगी, जिनका CIBIL स्कोर अच्छा है और आय स्थिर है। कम क्रेडिट स्कोर या कमजोर इनकम प्रोफाइल वाले ग्राहकों को यह दर नहीं मिल सकती। होम लोन लेने से पहले अलग-अलग बैंकों और हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों की ब्याज दर, EMI और कुल कॉस्ट की तुलना करना बेहद जरूरी है। थोड़ी सी समझदारी से न सिर्फ EMI कम की जा सकती है, बल्कि लंबे समय में लाखों रुपये की सेविंग की जा सकती है।

EPFO का बड़ा फैसला! गलत पेंशन कटौती से कर्मचारियों को नहीं होगा नुकसान, जारी हुई नई गाइलाइंस

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।