LPG Cylinder Price: छठ से पहले आम लोगों को थोड़ी राहत मिली है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMC) ने चार मेट्रो शहरों में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG Cylinder की कीमतों में काटौती का ऐलान किया है। कंपनियों ने 16 नवंबर से कीमतों में 57.5 रुपये प्रति सिलेंडर तक की कटौती की गई है। कंपनियों ने दिवाली से ठीक पहले 101.50 रुपये की बढ़ोतरी कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में की थी। अब कीमतों में 57.50 रुपये कम करना प्राइस एडजस्टमेंट के साथ एक राहत भी है।
अब ये हैं सिलेंडर की नई कीमतें
अब रिवाइज कीमतों के बाद देश में 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत नई दिल्ली में 1,775.5 रुपये, कोलकाता में 1,885.5 रुपये, मुंबई में 1,728 रुपये और चेन्नई में 1,942 रुपये होगी। जहां कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में कमी देखी गई है, वहीं घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
घरेलू सिलेंडर की कीमतों में नहीं हुआ बदलाव
इस महीने की शुरुआत में ऑयल मार्केटिंग कंपनी ने पिछले दो महीनों में दूसरी बार देश भर में कई जगहों पर कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतें बढ़ाई थीं। कमर्शियल और घरेलू एलपीजी सिलेंडर दोनों की कीमतों में हर महीने की पहली तारीख को रिवीजन होता है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमत में कटौती से होटल और रेस्तरां जैसे कारोबारियों पर बोझ कम होने की उम्मीद है जो खाना पकाने के लिए एलपीजी पर बहुत अधिक निर्भर हैं।