महाराष्ट्र के किसान ने कर दिया कमाल, सिर्फ धनिये की खेती कर कमाए 1 करोड़ रुपये

महाराष्ट्र के किसान ने हाल में एक बड़ा कमाल कर दिया है। उन्होंने धनिये की खेती करके 5 साल के अंदर 1 करोड़ रुपये कमाने में कामयाबी हासिल की। रमेश विट्ठलराव नाम का किसान महाराष्ट्र के लातूर का रहने वाला है

अपडेटेड Aug 02, 2023 पर 1:36 PM
रमेश विट्ठलराव के मुताबिक उन्होंने धनिया उगाकर पहले साल में ही 25 लाख रुपये कमाए।

महाराष्ट्र के किसान ने हाल में एक बड़ा कमाल कर दिया है। उन्होंने धनिये की खेती करके 5 साल के अंदर 1 करोड़ रुपये कमाने में कामयाबी हासिल की। रमेश विट्ठलराव नाम का किसान महाराष्ट्र के लातूर का रहने वाला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक धनिया पत्ती की खेती से उन्होंने इस साल 16 लाख रुपये से ज्यादा की कमाई की है। रमेश ने 2019 में खेती शुरू की थी। हाल ही में उन्होंने बताया कि इस कमाई से उन्होंने एक एसयूवी और गांव में एक बड़ा घर भी खरीदा है।

रमेश विट्ठलराव के मुताबिक धनिया उगाने से पहले वह उसी खेत में अंगूर उगाते थे। उन्होंने बताया कि 2015 में उन्होंने 3 एकड़ जमीन पर अंगूर की खेती की थी। इससे उन्हें 5 लाख रुपये की कमाई हुई। उन्होंने 50 टन अंगूर 10 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचे। अंगूर की खेती में उनकी लागत 6.5 लाख रुपये आई। इसके बाद उन्होंने अंगूर की खेती बंद करने का फैसला किया और धनिये की पत्तियां उगाना शुरू कर दिया।

रमेश विट्ठलराव के मुताबिक उन्होंने पहले साल में ही 25 लाख रुपये कमाए। इस खेती के लिए उन्होंने करीब 1 लाख रुपये का निवेश किया था। अगले साल 2020 में उन्होंने 16 लाख रुपये, 2021 में 14 लाख रुपये और 2022 में 16 लाख रुपये कमाए। इस साल अब तक उन्होंने 16.30 लाख रुपये कमाए हैं।


पारंपरिक खेती से किसान इतना मुनाफा नहीं कमा पाते हैं। किसानों के लिए अपनी निवेश लागत निकालना या मुनाफा कमाना अक्सर मुश्किल हो जाता है। किसान भारी घाटा उठाने के बाद कर्ज से भी दब जाते हैं। ऐसे में रमेश विट्ठलराव ने किसानों को पारंपरिक खेती से हटकर ऐसी फसलें उगाने की सलाह दी है, जिनसे वे अधिक कमाई कर सकें।

कुछ दिन पहले ऐसी ही घटना महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में हुई थी, जहां एक शख्स ने गाय का दूध बेचकर 1 करोड़ रुपये का बंगला बनाया था। शख्स का नाम प्रकाश इमदे है। उन्होंने शुरुआत में एक गाय से अपना कारोबार शुरू किया और अब वह 150 से अधिक गायों के साथ एक डेयरी फार्म चलाते हैं। उनकी फार्म शाखा रोजाना 1,000 लीटर दूध का प्रोडक्शन करती है। प्रकाश का पूरा परिवार इस कारोबार में उनकी मदद करता है। वह गायों का दूध निकालने से लेकर उन्हें खिलाने तक में मदद करते हैं।

Ambuja Cements Q1 Results: स्टैंडअलोन मुनाफा सालाना घटकर रहा 643 करोड़ रुपये, आय में हुआ इजाफा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।