MSSC Scheme: महिला सम्मान सेविंग सर्टिफिकेट (MSSC) भारत सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई एक विशेष योजना है। यह महिलाओं को बचत में सुधार करने और सुरक्षित निवेश के माध्यम से वित्तीय स्थिरता प्राप्त करने में मदद करती है। महिला सम्मान बचत योजना एक 2-वर्षीय बचत योजना है, जिसमें 7.5% की वार्षिक ब्याज दर दी जाती है। इस योजना के अंतर्गत महिलाएं अधिकतम 2 लाख रुपये तक जमा कर सकती हैं और इस पर आंशिक निकासी की सुविधा भी प्राप्त कर सकती हैं।
जिससे अगर जरूरत पड़े तो पैसों को निकाल कर इसका इस्तेमाल भी किया जा सकता है। अगर आप इस सुविधा का लाभ उठाना चाहती है तो पास के डाकघर में जाकर आप इस योजना में अपना आवेदन कर सकती है।
इस योजना में कितना मिलेगा रिटर्न
इस योजना का एक मुख्य लाभ यह है कि यह महिलाओं को वित्तीय लक्ष्यों को प्राप्त करने का अवसर प्रदान करती है। उदाहरण के लिए, अगर आप 2 लाख रुपये जमा करती हैं, तो पहले वर्ष के अंत में आपकी राशि 2,15,000 रुपये हो जाएगी और दूसरे वर्ष के अंत में यह बढ़कर 2,31,125 रुपये हो जाएगी। यह गारंटीड रिटर्न महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और जोखिम-मुक्त निवेश करने में सहायता प्रदान करता है।
महिलाओं को लंबे समय तक आर्थिक सुरक्षा
लघु निवेश में बड़ा लाभ पाने के लिए महिला सम्मान सेविंग सर्टिफिकेट एक उपयुक्त विकल्प है। यह योजना न केवल रक्षात्मक निवेश के लिए आदर्श है, बल्कि यह महिलाओं को भविष्य के वित्तीय निर्णयों के लिए तैयार करती है। योजना की अवधि समाप्त होने पर अगर आप निवेश को जारी रखेंगी, तो आपकी कुल संपत्ति तेजी से बढ़ सकती है। इससे महिलाओं को लंबे समय तक आर्थिक सुरक्षा और समृद्धि प्राप्त होती है। इस योजना से आप मात्र 2 लाख रुपये का निवेश करके 2 साल में 31,125 रुपये का लाभ प्राप्त कर सकती है।
यह योजना केवल महिलाओं और बालिकाओं के लिए है। इस योजना के लिए आवेदन करने के लिए आप अपने नजदीकी पोस्ट ऑफिस या अधिकृत बैंक की शाखा पर जाकर खाता खोल सकती हैं। आवेदन के दौरान पहचान और पते का प्रमाण, पासपोर्ट साइज फोटो और बैंक खाता विवरण की आवश्यकता होती है। खाता खोलने के लिए आपको न्यूनतम 1,000 रुपये और अधिकतम 2,00,000 रुपये तक की राशि को जमा कर सकती है। खाता खुल जाने के बाद आपको एक पासबुक या रसीद दी जाएगी जिससे आप अपनी बचत को ट्रैक कर पाएंगी। इस प्रकार, महिला सम्मान बचत योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वतंत्र और आत्मनिर्भर बनने का एक सशक्त माध्यम प्रदान करती है।