March MF inflows: पराग पारिख फ्लेक्सीकैप में सबसे ज्यादा आया SIP का पैसा, मल्टीकैप्स पर भी बढ़ा फोकस
March MF inflows: मार्च में SIP का पैसा सबसे ज्यादा फ्लेक्सी कैप फंड्स में गया, खासकर पराग पारिख फंड में। बाजार की उठापटक के बीच निवेशकों का रुख बदल रहा है, जहां मल्टीकैप फंड्स पर भी भरोसा तेजी से बढ़ता दिख रहा है। जानिए पूरी डिटेल।
Parag Parikh Flexi Cap Fund लंबे समय से ज्यादा कैश बनाए हुए है।
March MF inflows: पिछले कुछ महीनों से शेयर बाजार में काफी उतार-चढ़ाव दिखा है। हालांकि, म्यूचुअल फंड में SIP के जरिए लगातार पैसा आ रहा है। मार्च में इक्विटी कैटेगरी में सबसे ज्यादा निवेश फ्लेक्सी-कैप फंड्स में आया। इन फंड्स में ₹10,054 करोड़ का इनफ्लो हुआ। यह फरवरी के ₹6,924 करोड़ और जनवरी के ₹7,672 करोड़ से ज्यादा है। यह तेजी ऐसे समय आई जब कुल इक्विटी इनफ्लो बढ़कर ₹40,450 करोड़ पहुंच गया।
फ्लेक्सी कैप में क्यों आ रहा पैसा?
शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच निवेशकों ने ऐसे फंड्स को ज्यादा पसंद किया, जो लचीलापन देते हैं। मल्टीकैप फंड्स में भी निवेश बढ़ा और इनफ्लो ₹1,933 करोड़ से बढ़कर ₹2,981 करोड़ हो गया।
मिडकैप और स्मॉलकैप जैसे सेगमेंट्स में भी अच्छा निवेश आया, लेकिन फ्लेक्सी और मल्टीकैप फंड्स में ज्यादा पैसा गया। इससे साफ है कि निवेशक अब एक ही सेगमेंट पर बड़ा दांव लगाने के बजाय संतुलित निवेश को प्राथमिकता दे रहे हैं।
टॉप फ्लेक्सी-कैप और मल्टीकैप फंड्स में आए इनफ्लो यह दिखाते हैं कि बड़े फंड्स ने मार्च जैसे उतार-चढ़ाव वाले महीने में अपने पोर्टफोलियो और कैश को कैसे मैनेज किया।
किन फ्लेक्सी-कैप फंड्स में आया निवेश
मार्च में कुल इक्विटी इनफ्लो का लगभग एक चौथाई हिस्सा सिर्फ फ्लेक्सी-कैप फंड्स में गया। इनमें सबसे आगे रहा Parag Parikh Flexi Cap Fund, जिसमें अकेले ₹3,950 करोड़ का निवेश आया।
टॉप तीन फंड्स की बात करें तो Parag Parikh बाकी फंड्स से काफी आगे रहा। HDFC Flexi Cap Fund दूसरे स्थान पर रहा, लेकिन उसके और Parag Parikh के बीच बड़ा अंतर है। वहीं ICICI Prudential Flexi Cap Fund तीसरे नंबर पर रहा। लेकिन असली दिलचस्प बात सिर्फ इनफ्लो नहीं है, बल्कि यह है कि इन फंड्स ने उस समय अपनी पोजिशनिंग कैसी रखी।
फंड मैनेजर कैश के साथ क्या कर रहे थे?
कैश होल्डिंग से यह समझ आता है कि फंड सतर्क है या आक्रामक। Parag Parikh Flexi Cap Fund लंबे समय से ज्यादा कैश बनाए हुए है। मार्च में भी इसका कैश करीब 17.5% रहा, जो फरवरी के आसपास ही है। अगर पिछले ट्रेंड को देखें तो यह 23% से धीरे-धीरे घटा है, लेकिन अभी भी काफी ऊंचे स्तर पर है। यानी यह फंड बाजार में पूरी तरह निवेश करने के बजाय सावधानी बरत रहा है।
HDFC Flexi Cap Fund का तरीका अलग रहा। इसका कैश जनवरी में 15% से ज्यादा था, जो मार्च में घटकर 4.5% रह गया। इसका मतलब है कि इस फंड ने हाल के महीनों में बाजार में गिरावट का फायदा उठाकर तेजी से निवेश किया।
ICICI Prudential Flexi Cap Fund लगभग पूरी तरह निवेशित रहा। मार्च में इसका कैश करीब 3.7% था, जो पिछले महीनों से थोड़ा ज्यादा है। इसकी स्ट्रैटेजी साफ है- बाजार को टाइम करने की बजाय लगातार इनवेस्टेड रहना।
एक और खास बात Parag Parikh फंड को अलग बनाती है- इसका विदेशी निवेश। यह फंड करीब 10-11% पैसा ग्लोबल मार्केट में लगाता है, जो इसे बाकी फंड्स से अलग करता है और निवेशकों को अतिरिक्त डाइवर्सिफिकेशन देता है।
मल्टीकैप फंड्स का हाल
मल्टीकैप फंड्स में पिछले कुछ महीनों से स्थिर निवेश आ रहा था, लेकिन मार्च में इसमें तेज बढ़त देखी गई। इनफ्लो ₹1,933 करोड़ से बढ़कर ₹2,981 करोड़ हो गया। इससे यह कैटेगरी फिर से अपने सामान्य ₹2,000-₹2,500 करोड़ के दायरे के करीब पहुंच गई। इस कैटेगरी में Kotak Multicap Fund सबसे आगे रहा, जिसमें मार्च में ₹911 करोड़ का निवेश आया।
टॉप तीन फंड्स की बात करें तो यहां मुकाबला काफी करीब रहा। Kotak आगे जरूर रहा, लेकिन बहुत बड़े अंतर से नहीं। Nippon India Multi Cap Fund उसके पीछे रहा, जबकि HDFC Multi Cap Fund इनफ्लो के मामले में काफी पीछे दिखा। यहां फ्लेक्सी-कैप की तरह एक फंड का दबदबा नहीं दिखता, बल्कि निवेशक अपने पैसे को अलग-अलग फंड्स में बांट रहे हैं।
कैश पोजिशन कैसी रही?
अगर फ्लेक्सी-कैप फंड्स में अलग-अलग रणनीतियां दिखीं, तो मल्टीकैप फंड्स में तस्वीर लगभग एक जैसी रही, ज्यादातर फंड्स में कैश बहुत कम था। Kotak Multicap Fund के पास मार्च में करीब 2.2% कैश था, जो पिछले महीनों से ज्यादा नहीं बदला।
Nippon India Multi Cap Fund और भी आक्रामक रहा, इसका कैश सिर्फ 1.1% था, यानी यह लगभग पूरी तरह इनवेस्टेड था। HDFC Multi Cap Fund के पास भी करीब 1.5% कैश था, जो दिखाता है कि यह भी बाजार में लगातार निवेशित रहने की रणनीति पर काम कर रहा है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।