Maruti Suzuki India: देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (Maruti Suzuki India) ने अपनी कारों को किराये पर देने की योजना को चार और नये शहरों में शुरू की है। ये योजना जयपुर, इंदौर, मेंगलूर और मैसूर में शुरू की गई है। किराये पर देने की योजना 19 शहरों में पहले से शुरू हो चुकी है।
कंपनी ने इसके लिए तीन भागीदारों ओरिक्स ऑटो इन्फ्रास्क्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड, एएलडी ऑटोमोटिव इंडिया (ALD ऑटोमोटिव) और माइल्स ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजीज के साथ करार किया है। कंपनी ने कहा है कि उसने अपनी इस सेवा के लिए मार्केटप्लेस मॉडल भी शुरू किया है। इसमें कई भागीदारों के जरिये प्रतिस्पर्धी दरों पर कार सब्स्क्रिप्शन प्रोडक्ट की पेशकश की जा सकेगी।
मारुति सुजुकी के वरिष्ठ कार्यकारी निदेशक (Marketing and Sale) शशांक श्रीवास्तव ने कहा कि कार सब्सक्रिप्शन योजना भारतीय बाजार को ध्यान में रखकर शुरू की गई है। अब चार नए शहर जोड़ने से अधिक ग्राहक जोड़ पाएंगे। इसके तहत ग्राहक कंपनी की गाड़ियों में वैगन आर, स्विफ्ट, डिजायर, विटारा ब्रेजा, एर्टिगा मारुति सुजुकी एरिना और इग्निस, बालेनो, सियाज, एस-क्रॉस और एक्सएल 6 नेक्सा से सब्सक्राइब कर सकते हैं।
किराये की गाड़ी में इस्तेमाल करने का शुल्क, रजिस्ट्रेशन शुल्क, मेंटेनेंस, इंश्योरेंस और अन्य सेवाएं शामिल है। इस योजना के तहत समय पूरा होने पर नई कार लेने या किराये पर ली अवधि पूरी होने के बाद ग्राहकों के पास नई कार लेने या किराये पर ली गई कार को खरीदने का विकल्प मिलता है।