Indian Railway/IRCTC: क्या आप भी गर्मियों में स्कूलों की छुट्टी के दौरान माता वैष्णो देवी के दर्शन परिवार और बच्चों के साथ करना चाहते हैं। यहां आपको सबसे आसान तरीका बता रहे हैं जिसमें आपको किसी भी तरह की परेशानी नहीं होगी। न ही ट्रेन की वेटिंग लिस्ट वाली टिकट की दिक्कत, न ही होटल या यात्रा पर्ची.. आपको कुछ भी मैनेज नहीं करना होगा। अगर आप पहली बार जा रहे हैं या कई बार दर्शन कर चुके हैं, तो इस बार IRCTC का प्लान आपके लिए किफायती रह सकता है। IRCTC वैष्णो देवी का टूर पैकेज 2,845 रुपये में दे रहा है। 3,000 रुपये से कम की कॉस्ट में आपको आने-जाने की ट्रेन की टिकट और होटल का खर्च शामिल है।
IRCTC वैष्णो देवी की यात्रा 2845 रुपये में करा रहा है। IRCTC के माता वैष्णो देवी के टूर पैकेज में आपको उत्तर संपर्क क्रांति ट्रेन की नॉन एसी स्लीपर क्लास की टिकट मिलेगी। 3 दिन के टूर पैकेज में आपको पहले दिन न्यू दिल्ली रेलवे स्टेशन से रात 8:30 बजे से ट्रेन मिलेगी। रात भर का सफर करने के बाद आप दूसरे दिन कटरा पहुंच जाएंगे।
दूसरे दिन कटरा में मिलेगा गेस्ट हाउस
कटरा में आपको आईआरसीटीसी का गेस्ट हाउस मिलेगा। यहां फ्रेश होने के बाद आप भवन तक की चढ़ाई कटरा से शुरू करेंगे। वहां से आप माता वैष्णो देवी के दर्शन करके उसी दिन नीचे आ जाएंगे। तीसरे दिन कटरा से शाम 6 बजे आपकी वापसी की ट्रेन होगी, जो आपक वापिस दिल्ली पहुंचा देगी।
टूर पैकेज में मिलेगी ये सर्विस
इस टूर पैकेज में आने-जाने की ट्रेन की टिकट, 2 दिन के लिए कमरा, ब्रेकफास्ट और डिनर मिलेगा। आपको लाने और और ले जाने के लिए शेयरिंग बेसिस पर गाड़ी भी दी जाएगी। सिंगल रूम में रहने के लिए आपको प्रति व्यक्ति के हिसाब से 5,330 रुपये देने होंगे। डबल शेयरिंग रूम के लिए 3,240 रुपये एक व्यक्ति के देने होंगे। ट्रिपल शेयरिंग के लिए 2,845 रुपये देने होंगे।
आप घर बैठे अपने मोबाइल या लैपटॉप से IRCTC की वेबसाइट www.irctctourism.com से टूर पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। आप कस्टमर केयर या नजदीकी आईआरसीटीसी के ऑफिस भी जा सकते हैं।