मिडिल क्लास को अमीर बनने से रोकती हैं 5 आदतें, कहीं आप भी तो नहीं करते ये गलतियां?

मिडिल क्लास की 5 आम आदतें धीरे-धीरे आपकी दौलत बनने की रफ्तार रोक सकती हैं। जानिए कौन-सी गलतियां बचत, निवेश और कंपाउंडिंग का फायदा छीन लेती हैं और उन्हें समय रहते कैसे सुधारा जा सकता है।

अपडेटेड Aug 17, 2026 पर 2:48 PM
अमीर बनने का कोई जादुई शॉर्टकट नहीं है। यह रोज लिए जाने वाले छोटे-छोटे फैसलों का नतीजा होता है।

आपने भी अपने आसपास ऐसे लोग जरूर देखे होंगे जो 30-40 हजार रुपये की सैलरी में भी धीरे-धीरे अच्छी संपत्ति बना लेते हैं। वहीं कुछ लोग डेढ़-दो लाख रुपये महीना कमाने के बाद भी हर महीने सैलरी का इंतजार करते रहते हैं। आखिर ऐसा क्यों होता है?

इसकी सबसे बड़ी वजह कमाई नहीं, बल्कि पैसों को लेकर हमारी आदतें होती हैं। कई बार हम रोजमर्रा में ऐसी गलतियां करते रहते हैं, जिनका असर तुरंत नहीं दिखता। लेकिन 10-15 साल बाद वही आदतें हमें आर्थिक रूप से पीछे छोड़ देती हैं।

5 नुकसान वाली आदतें

आदत इसका नुकसान सही तरीका
सैलरी बढ़ते ही खर्च बढ़ा देना बचत नहीं बढ़ती
पहले निवेश बढ़ाएं, फिर खर्च
महीने के आखिर में बचत करना निवेश टलता रहता है
सैलरी आते ही निवेश करें
सारी बचत FD में रखना महंगाई पैसे की ताकत घटाती है
अलग-अलग एसेट में निवेश करें
हर चीज EMI पर खरीदना कमाई का बड़ा हिस्सा ब्याज में चला जाता है जरूरत और शौक में फर्क करें
निवेश टालते रहना कंपाउडिंग का फायदा नहीं मिलता जितनी जल्दी हो सके शुरुआत करें


1. सैलरी बढ़ते ही खर्च भी बढ़ा देना

मान लीजिए आपकी सैलरी 30 हजार रुपये से बढ़कर 40 हजार रुपये हो गई। पहले जो फोन ठीक-ठाक चल रहा था, अब अचानक नया फ्लैगशिप मॉडल जरूरी लगने लगता है। कुछ महीनों बाद कार बदलने का प्लान बन जाता है। फिर घर में नया टीवी, महंगा फर्नीचर और हर वीकेंड बाहर खाना भी लाइफस्टाइल का हिस्सा बन जाता है। देखने में लगता है कि जिंदगी बेहतर हो रही है, लेकिन बैंक बैलेंस कुछ और कहानी बता रहा होता है।

यही वह जाल है जिसमें ज्यादातर लोग फंस जाते हैं। कमाई बढ़ती है, लेकिन बचत नहीं बढ़ती। अगले इनक्रिमेंट का इंतजार फिर शुरू हो जाता है। आर्थिक रूप से आगे बढ़ने वाले लोग पहले अपने निवेश की रकम बढ़ाते हैं और उसके बाद ही खर्च बढ़ाने के बारे में सोचते हैं।

2. 'जो बचेगा, उसे निवेश कर देंगे'

यह शायद मिडिल क्लास की सबसे आम सोच है। हर महीने यही प्लान बनता है कि इस बार जो पैसा बचेगा, उसे SIP या किसी अच्छे निवेश में लगा देंगे। लेकिन महीने का हिसाब कभी प्लान के मुताबिक नहीं चलता। कभी बिजली का बिल ज्यादा आ जाता है, कभी बच्चों की फीस, कभी किसी रिश्तेदार की शादी, तो कभी गाड़ी की सर्विस। महीने के आखिर तक खाते में इतना ही बचता है कि निवेश फिर अगले महीने पर टल जाता है।

अगर आप सच में पैसा बनाना चाहते हैं, तो इस आदत को उल्टा करना होगा। जैसे ही सैलरी आए, सबसे पहले निवेश की रकम अलग कर दीजिए। उसके बाद बचे हुए पैसों से पूरे महीने का खर्च चलाइए। यही छोटी-सी आदत लंबे समय में बड़ा फर्क पैदा करती है।

3. पूरी बचत सिर्फ FD में रखना

हमारे घरों में अक्सर यही सलाह मिलती है कि पैसा बैंक में रहेगा तो सुरक्षित रहेगा। बात गलत भी नहीं है। FD सुरक्षा देती है और जरूरत के समय भरोसा भी। लेकिन अगर आपकी पूरी बचत सिर्फ FD में पड़ी है, तो महंगाई धीरे-धीरे उसकी ताकत कम करती रहती है। क्योंकि अमूमन ब्याज दर 6% से 7% रहती है। जबकि औसत महंगाई ही 6% के करीब रहती है।

इसे ऐसे समझिए। आज 500 रुपये में जो सामान आ जाता है, हो सकता है पांच साल बाद उसके लिए 700 या 800 रुपये देने पड़ें। अगर आपका पैसा उसी रफ्तार से नहीं बढ़ रहा, तो असल में आपकी खरीदने की ताकत कम हो रही है। इसलिए सुरक्षा के साथ-साथ ग्रोथ भी जरूरी है। FD के साथ SIP, PPF, NPS या दूसरे निवेश विकल्पों पर भी विचार करना चाहिए।

4. हर चीज EMI पर खरीद लेना

आजकल मोबाइल खरीदना हो, टीवी लेना हो या छुट्टियों पर जाना हो, हर जगह EMI का विकल्प मिल जाता है। शुरुआत में छोटी-सी किस्त देखकर लगता है कि इसमें क्या दिक्कत है। लेकिन धीरे-धीरे एक EMI दूसरी EMI को बुला लेती है। फोन की EMI चल रही होती है, तभी लैपटॉप की शुरू हो जाती है। फिर फर्नीचर और क्रेडिट कार्ड का बिल भी जुड़ जाता है।

कुछ महीनों बाद हालत यह हो जाती है कि सैलरी खाते में आते ही उसका बड़ा हिस्सा कट जाता है। ऐसे में बचत और निवेश के लिए बहुत कम पैसा बचता है। इसलिए हर खरीदारी से पहले खुद से एक सवाल जरूर पूछिए कि क्या यह चीज सच में जरूरत है या सिर्फ मन का शौक?

5. निवेश शुरू करने में देर करना

कई लोग सोचते हैं कि अभी उम्र ही क्या हुई है, अगले साल से निवेश शुरू कर देंगे। फिर अगले साल कोई नया खर्च सामने आ जाता है और फैसला फिर टल जाता है। देखते-देखते 10 साल निकल जाते हैं।

मान लीजिए दो दोस्त हैं। रवि ने 25 साल की उम्र से हर महीने 5,000 रुपये निवेश करना शुरू किया। वहीं अमित ने यही काम 35 साल की उम्र में शुरू किया। दोनों ने एक जैसी मासिक रकम लगाई, लेकिन रिटायरमेंट तक रवि के पास कहीं बड़ा फंड बनने की संभावना होगी। वजह सिर्फ एक है, उसे समय ज्यादा मिला। निवेश की दुनिया में पैसा नहीं, समय सबसे बड़ी ताकत होता है।

इन बातों का भी ध्यान रखें

अमीर बनने का कोई जादुई शॉर्टकट नहीं है। यह रोज लिए जाने वाले छोटे-छोटे फैसलों का नतीजा होता है। अगर हर इनक्रिमेंट के साथ खर्च बढ़ाने की बजाय निवेश बढ़ाया जाए, महीने के आखिर का इंतजार करने की बजाय शुरुआत में बचत की जाए और बेवजह के कर्ज से दूरी रखी जाए, तो धीरे-धीरे आर्थिक स्थिति बदलने लगती है।

याद रखिए, बड़ी दौलत अक्सर किसी एक बड़े फैसले से नहीं बनती। वह सालों तक अपनाई गई अच्छी वित्तीय आदतों का नतीजा होती है। इसलिए आज खुद से सिर्फ एक सवाल पूछिए, इन पांच आदतों में से कितनी आपकी जिंदगी का हिस्सा हैं? अगर जवाब दो या तीन भी है, तो आज से उन्हें बदलना शुरू कर दीजिए। भविष्य का आपका बैंक बैलेंस आपको इसके लिए धन्यवाद देगा।

Emergency Fund Tips: क्या इमरजेंसी फंड को अलग बैंक अकाउंट में रखना सही है? 

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।