म्यूचुअल फंड हाउसेज में न्यू फंड ऑफर (एनएफओ) लॉन्च करने की होड़ घटती नहीं दिख रही है। सितंबर के पहले हफ्ते में 9 एनएफओ लॉन्च होने जा रहे हैं। पिछले कुछ सालों में म्यूचुअल फंड की नई स्कीमें मार्केट में आई हैं। पिछले चार सालों में हर साल कम से कम 100 एनएफओ लॉन्च हुए हैं। इस साल अगस्त तक म्यूचुअल फंड हाउसेज ने 123 फंड लॉन्च किए हैं। इसके मुकाबले 2023 कैलेंडर ईयर में 108 एनएफओ लॉन्च किए गए थे। 2022 में 115 और 2021 में 100 एनएफओ लॉन्च हुए थे। इस साल अब तक एनएफओ में जितना निवेश आया है, वह पिछले दो साल में आए निवेश को पार कर चुका है।
2021 में एनएफओ से जुटाए गए थे 79,584 करोड़ रुपये
म्यूचअल फंड हाउसेज ने 2022 में NFO के जरिए 34,873 करोड़ रुपये जुटाए थे। 2021 में एनएफओ से 79,584 करोड़ रुपये जुटाए गए थे। इस साल जुलाई के अंत तक 112 एनएफओ के जरिए 65,223 करोड़ रुपये एनएफओ के जरिए जुटाए जा चुके हैं। इस तरह उम्मीद है कि इस साल के अंत तक एनएफओ के जरिए जुटाए गया अमाउंट 2021 को पार कर जाएगा।
सेक्टोरल और थीमैटिक फंडों में ज्यादा दिलचस्पी
वैल्यू रिसर्च के डेटा के मुताबिक, सेक्टोरल और थीमैटिक स्कीमें म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री की पहली पसंद बन गई हैं। जुलाई के अंत तक उपलब्ध डेटा के मुताबिक, इस साल कुल 66 सेक्टोरल और थीमैटिक एनएफओ के जरिए 50,400 करोड़ रुपये जुटाए जा चुके हैं। 2023 में ऐसे 43 फंडों के जरिए 22,008 करोड़ रुपये जुटाए गए थे। 2022 में 40 नए इश्यू से 13,263 करोड़ और 2021 में 24 सेक्टोरल या थीमैटिक एनएफओ से 9,637 करोड़ रुपये जुटाए गए थे।
जून में 22,353 करोड़ रुपये का निवेश
सेक्टोरल और थीमैटिक फंड के एनएएफ की बढ़ती संख्या की वजह यह है कि निवेशक इनमें दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इस साल जून में थीमैटिक और सेक्टोरल फंडों में 22,352 करोड़ रुपये का निवेश आया। जुलाई में यह निवेश थोड़ा कम यानी 18,386 करोड़ रुपये रहा। मजेदार बात यह है कि इस साल सेक्टोरल और थीमैटिक फंडों में आया निवेश 2021 से लेकर 2023 के कुल निवेश के पार निकल गया है। इस साल जुलाई तक इस कैटेगरी में 89,103 करोड़ रुपये का निवेश आया है।
यह भी पढ़ें: देश के दूसरे बड़े प्राइवेट सेक्टर बैंक ICICI ने ग्राहकों को दिया तोहफा! रिवाइज किया FD पर ब्याज
इस हफ्ते 5 सेक्टोरल फंड या थीमैटिक फंड लॉन्च होंगे
सितंबर के पहले हफ्ते में 9 एनएफओ लॉन्च होने जा रहे हैं। इनमें 5 सेक्टोरल और थीमैटिक फंड होंगे। कोटक निफ्टी इंडिया टूरिज्म इंडेक्स फंड 2 सितंबर को लॉन्च हो गया है। यह फंड नई थीम पर लॉन्च हुआ है। इस स्ट्रेटेजी पर आधारित टाटा निफ्टी इंडिया टूरिज्म इंडेक्स फंड जुलाई 2024 में लॉन्च हुआ था। निफ्टी इंडिया टूरिज्म इंडेक्स फंड में 17 स्टॉक्स हैं। वेटेज के हिसाब से इस फंड में इंटरग्लोब एविएशन पहले पायदान पर है।