New Financial Rules from 1 July 2025: 1 जुलाई 2025 से 6 फाइनेंशियल नियमों में बदलाव हो गया है। इन बदलावों का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा। आज सरकार ने कमर्शियल सिलेंडर के दाम 58.50 रुपये तक कम कर दिये हैं। इन बदलावों में पैन बनावने के लिए आधार अनिवार्य, SBI, HDFC और ICICI बैंक के क्रेडिट कार्ड और ATM चार्ज में इजाफा होने जा रहा है। अगर आप पहले से इन नियमों को जान लें, तो आपको जुलाई के महीने में परेशानी नहीं होगी।
कमर्शियल सिलेंडर के दाम हुए कम
1 जुलाई 2025 को कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम घटने से होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों को बड़ी राहत मिली है। दिल्ली में 19 किलो वाला सिलेंडर अब 1,665 रुपये में मिल रहा है, जो पहले 1,723.50 रुपये था। इसी तरह मुंबई में इसकी कीमत 1,674.50 से घटकर 1,616 रुपये हो गई है। कोलकाता और चेन्नई में भी क्रमशः 57 और 57.50 रुपये की कटौती की गई है। हालांकि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में घरेलू सिलेंडर अब भी 853 रुपये में मिल रहा है, जबकि मुंबई में 852.50 रुपये, लखनऊ में 890.50 रुपये और पटना में 942.50 रुपये का रेट बरकरार है।
नया PAN कार्ड बनवाने के लिए अब आधार जरूरी
अब अगर कोई नया PAN कार्ड बनवाना चाहता है, तो उसके लिए आधार नंबर देना और उसका वेरिफिकेशन कराना अनिवार्य होगा। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) के इस नए नियम के जरिये कॉम्पलाएंस को बेहतर करना और डिजिटल सिस्टम को बेहतर करना चाहता है। पहले पैन के लिए सिर्फ पहचान पत्र और जन्म प्रमाण पत्र ही काफी होते थे। आधार की जरूरत पैन कार्ड बनवाने के लिए नहीं पड़ती थी।
ITR फाइल करने की आखिरी तारीख बढ़ी
CBDT ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) भरने की आखिरी तारीख 31 जुलाई से बढ़ाकर 15 सितंबर 2025 कर दी है। इससे टैक्सपेयर्स को राहत मिलेगी और उन्हें जल्दबाजी में गलती करने से बचने के लिए काफी समय मिलेगा।
SBI कार्ड के नियमों में बदलाव
15 जुलाई 2025 से SBI क्रेडिट कार्ड के न्यूनतम पेमेंट (Minimum Amount Due - MAD) की कैलकुलेशन का तरीका बदल जाएगा। अब इसमें पूरा GST, EMI, सभी चार्ज, फाइनेंस चार्ज और ओवरलिमिट अमाउंट के साथ-साथ बची हुई रकम का 2% भी जोड़ा जाएगा। इससे आपका बिल थोड़ा बढ़ सकता है। साथ ही SBI कार्ड्स पर मिलने वाला एयर एक्सीडेंट बीमा भी बंद किया जा रहा है। ELITE, MILES ELITE, PULSE और PRIME कार्ड्स पर मिलने वाला 50 लाख रुपये से 1 करोड़ रुपये का बीमा अब नहीं मिलेगा।
HDFC क्रेडिट कार्ड पर नए चार्ज
HDFC बैंक अब कुछ खर्चों पर 1% का एक्स्ट्रा शुल्क वसूलेगा। 10,000 रुपये मंथली से ज्यादा गेमिंग और वॉलेट ट्रांजैक्शन शामिल हैं। 50,000 रुपये कंज्यूमर कार्ड और 75,000 रुपये बिजनेस कार्ड से अधिक यूटिलिटी बिल पेमेंट करने में चार्ज लगेगा। रेंट, फ्यूल और एजुकेशन से जुड़े थर्ड पार्टी पेमेंट पर भी चार्ज देना होगा। इन ट्रांजैक्शनों पर अधिकतम 4,999 रुपये तक चार्ज लगेगा। बीमा प्रीमियम पर मिलने वाले रिवॉर्ड पॉइंट्स की लिमिट भी तय की गई है।
Axis Bank ने बढ़ाए ATM ट्रांजैक्शन चार्ज
अब Axis बैंक अपने ग्राहकों से फ्री लिमिट के बाद 21 रुपये की जगह 23 रुपये प्रति ट्रांजैक्शन लेगा। यह बदलाव 1 जुलाई से लागू होगा और सभी ग्राहकों पर लागू रहेगा। ये प्रायोरिटी या बरगंडी कस्टमर दोनों पर ही लागू होगा।