नोएडा के दो लोगों से साइबर ठगों ने शेयर बाजार में भारी मुनाफे का झांसा देकर 1.40 करोड़ रुपये की ठगी की है। सेक्टर 75 की गोल्फ एवेन्यू सोसाइटी में रहने वाली त्रिशला ने पुलिस को बताया कि उन्हें कुछ महीने पहले 'ब्लैकरॉक स्टॉक क्लब' नाम के एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था। इस ग्रुप में एक महिला ने उन्हें शेयर बाजार में निवेश करने की जानकारी दी और एक ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (साइबर क्राइम) प्रीति यादव ने बताया कि पीड़ितों में एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं, जिन्होंने अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई हैं।
शिकायत के अनुसार त्रिशला को शुरुआत में अपने निवेश पर कुछ लाभ मिला, जिससे उन्हें इस सिस्टम पर भरोसा हो गया और उन्होंने 1 करोड़ रुपये का निवेश कर दिया। लेकिन जब उन्होंने अपनी राशि वापस निकालने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन्हें ग्रुप से हटा दिया और पैसे लौटाने से मना कर दिया। पुलिस ने त्रिशला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसी तरह, सेक्टर 16 के रोहित चावला ने भी साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने बताया कि उनसे 40.70 लाख रुपये की ठगी की गई। पुलिस ने इस मामले में भी जांच शुरू कर दी है।
शेयर बाजार के निवेश घोटालों से कैसे बचें?
कोई भी निवेश पूरी तरह से सुरक्षित नहीं होता। अगर कोई आपको गारंटीड रिटर्न का वादा करता है, तो यह एक घोटाला हो सकता है।
निवेश से पहले कंपनी उसके वित्तीय इतिहास और निवेश सलाहकार या प्लेटफॉर्म की पूरी जांच करें।
यह जान लें कि आपका निवेश सलाहकार या प्लेटफॉर्म भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के साथ रजिस्टर हैं। इसकी जानकारी आप SEBI की वेबसाइट पर पा सकते हैं।
वैलिड निवेश कंपनियां आपको सोचने का समय देती हैं। अगर कोई आपसे तुरंत निवेश करने का दबाव डालता है, तो सतर्क रहें।
अपनी पर्सनल जानकारी ऑनलाइन साझा करते समय सावधानी बरतें, खासकर अनजान संपर्कों के साथ।
केवल जाने-माने और नियमित ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें।
अगर आप किसी निवेश के बारे में असमंजस में हैं, तो किसी योग्य वित्तीय सलाहकार से सलाह लें।
यदि आपको किसी घोटाले का संदेह हो, तो पुलिस, SEBI, बैंक, या RBI जैसी प्राधिकरणों को तुरंत सूचित करें।