Pension New Rules: सरकार ने पेंशन के नियमों को पहले से बेहतर और आसान कर दिया है। अब महिला सरकारी कर्मचारी अपने बच्चे को पेंशन के लिए नॉमिनी बना सकती हैं। एक महिला केंद्र सरकार कर्मचारी या पेंशनर्स अपने पति के खिलाफ तलाक, दहेज या घरेलू हिंसा का मामला दर्ज होने की स्थिति में अपने बच्चे को पेंशन पाने वाले के रूप में नॉमिनी कर सकती है। सरकार ने केंद्रीय सिविल सेवा (पेंशन) नियमों में रिवीजन किया है। ये एक नया सिस्टम बनाया है।
महिलाओं के लिए बदले पेंशन के नियम
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की नई रिपोर्ट 2022 में पता चला है कि 2022 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में 'पति या उसके रिश्तेदारों की क्रूरता' के कारण 31.4 प्रतिशत यानी करीब 1.40 लाख से अधिक मामले सामने आए। इसके अलावा 13,479 मामले दहेज निषेध अधिनियम के तहत सामने आए।
सरकार ने पेंशन नियमों में किया बदलाव
ऑफिस मेमोरेंडम के मुताबिक पेंशन और पेंशनर्स कल्याण विभाग ने कहा कि उसे इस बात पर स्पष्टता की मांग करने वाले कई रिप्रेजेंटेशन मिले जिसमें कहा गया कि क्या एक महिला कर्मचारी या पेंशनर्स वैवाहिक कलह के कारण तलाक की याचिका या अदालत में मामला दायर करने की स्थिति में अपने बच्चों को नॉमिनी कर सकती है। विभाग ने इस मामले पर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के साथ चर्चा के बाद नियमों में बदलाव कर दिया गया।