खत्म होने जा रहा है यह साल, 31 दिसंबर से पहले पूरा कर लें ये 5 काम

कई लोग हर साल अपने निवेश को बढ़ाते हैं। यह लंबी अवधि में बड़ा फंड तैयार करने के लिहाज से बहुत जरूरी है। अगर आपने भी अगले साल यानी जनवरी से निवेश बढ़ाने का प्लान बनाया है तो अभी से उसकी तैयारी करनी होगी

अपडेटेड Dec 10, 2024 पर 2:34 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
यह आपके फाइनेंशियल प्लान, टैक्स प्लानिंग और इनवेस्टमेंट पोर्टफोलियो को रिव्यू करने का सही समय है।

साल 2024 खत्म होने में करीब तीन हफ्ते का समय बचा है। यह आपके फाइनेंशियल प्लान, टैक्स प्लानिंग और इनवेस्टमेंट पोर्टफोलियो को रिव्यू करने का सही समय है। कई लोगों को कामकाज में व्यस्तता की वजह से इन चीजों पर ध्यान देने का समय नहीं मिल पाता है। ऐसे लोगों को साल के अंत में थोड़ा समय इन कामों के लिए निकाल लेना चाहिए। मनीकंट्रोल आपको ऐसे कुछ जरूरी कामों के बारे में बता रहा है, जिन्हें 31 दिसंबर से पहले निपटा लेना ठीक रहेगा।

1. पोर्टफोलियो की रीबैलेंसिंग

इस साल अक्टूबर की शुरुआत में स्टॉक मार्केट (Stock Markets) में गिरावट शुरू हुई थी। पिछले कुछ सत्रों में गिरावट में कमी देखने को मिली है। लेकिन, अक्टूबर और नवंबर में आई गिरावट की वजह से आपके पोर्टफोलियो की वैल्यू घटी होगी। इक्विटी और डेट का संतुलन बदला होगा। यह समय एक बार पोर्टफोलियो पर करीबी नजर डालने के लिए उपयुक्त है। अगर आपके पोर्टफोलियो में इक्विटी की हिस्सेदारी घटी है तो आप मार्केट में गिरावट के मौके का इस्तेमाल इक्विटी में निवेश के लिए कर सकते हैं। इससे आपका पोर्टफोलियो फिर से संतुलित हो जाएगा।

2. टैक्स प्लानिंग


अगर आप इनकम टैक्स की पुरानी रीजीम का इस्तेमाल करते हैं तो आपको एक बार यह चेक कर लेना चाहिए कि आपने टैक्स डिडक्शन क्लेम करने के लिए जरूरी निवेश कर दिया है। अगर नहीं किया है तो उसके लिए मार्च तक का समय है। इनकम टैक्स के सेक्शन 80सी और 80डी के तहत डिडक्शन क्लेम करने के लिए आपको 31 मार्च से पहले निवेश करना होगा। अभी चेक करने पर आपको पता चल जाएगा कि आपको टैक्स सेविंग्स के लिए अभी और कितना इनवेस्टमेंट करना होगा। अगर आपका हेल्थ इंश्योरेंस जनवरी या फरवरी में रिन्यू होने वाला है तो अभी से उसके प्रीमियम पेमेंट का प्लान बना लेना होगा। ऐसा नहीं होने पर रिन्यूएल मिस हो सकता है।

3. 2025 का इनवेस्टमेंट प्लान

कई लोग हर साल अपने निवेश को बढ़ाते हैं। यह लंबी अवधि में बड़ा फंड तैयार करने के लिहाज से बहुत जरूरी है। अगर आपने भी अगले साल यानी जनवरी से निवेश बढ़ाने का प्लान बनाया है तो अभी से उसकी तैयारी करनी होगी। आप अपनी वित्तीय स्थिति देखकर यह प्लान तय कर सकते हैं कि जनवरी से आप कितना अतिरिक्त निवेश कर सकते हैं। आप चाहें तो जनवरी से म्यूचुअल फंड की स्कीम में SIP से निवेश बढ़ा सकते हैं।

4. बिलेटेड रिटर्न फाइलिंग

अगर आप किसी वजह से 31 जुलाई तक इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने से चूक गए हैं तो आप 31 दिसंबर तक बिलेटेड रिटर्न फाइल कर सकते हैं। FY24 का इनकम टैक्स रिटर्न पेनाल्टी के साथ 31 दिसंबर तक फाइल किया जा सकता है। हालांकि, बिलेटेड रिटर्न फाइल करने में टैक्सपेयर को टैक्स अमाउंट पर इंटरेस्ट भी चुकाना पड़ता है। इस बारे में आप अपने टैक्स एक्सपर्ट की राय ले सकते हैं।

यह भी पढ़ें: HDFC Bank ने करोड़ों बैंक ग्राहकों को दी खुशखबरी! FD पर बढ़ाया ब्याज, एक साल की एफडी पर मिलेगा 7.90% इंटरेस्ट

5. इंश्योरेंस प्लानिंग

अगर आपने टर्म इंश्योरेंस नहीं ली है या आपके पास कम कवर वाली पॉलिसी है तो उसकी समीक्षा करने का यह सही वक्त है। आपकी लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी का कवर आपकी जरूरत के लिए पर्याप्त होना चाहिए। आपकी हेल्थ पॉलिसी का कवर भी पर्याप्त होना चाहिए। साल के अंत में इसका रिव्यू करने से आप नए साल में कवर बढ़ाने का प्लान बना सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।