PM kisan Samman Nidhi: केन्द्र सरकार ने किसानों के लिए कई फायदे वाली योजनाएं शुरू की हैं। इन योजनाओं में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (Pradhanmantri Kisan Samman Nidhi Scheme) या पीएम किसान योजना काफी अहम है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत सरकार किसानों के बैंक खातों में हर साल 6000 रुपये जमा करती है। सरकार इन पैसों को साल भर में 3 किस्तों में भेजती है। हर 4 महीने पर उनके अकाउंट में सरकार 2000 रुपये ट्रांसफर करती है। अब तक किसानों को 6 किस्तों में पैसे भेजे जा चुके हैं। लेकिन पश्चिम बंगाल सरकार ने अभी तक इस योजना को अपने राज्य में लागू नहीं किया है। जिससे राज्य के करीब 70 लाख किसानों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक मदद का फायदा नहीं मिल पा रहा है।

दिसंबर में आएगी सातवीं किस्त

पीएम किसान सम्मान निधि की अगली यानी सातवीं किस्त दिसंबर में आएगी। ऐसे में संभावना यह है कि दिसंबर की किस्त का लाभ भी पश्चिम बंगाल के किसानों को नहीं मिल पाएगा। क्योंकि ममता सरकार अभी इस योजना को लागू करने के बारे में कोई निर्णय नहीं लिया है। इसी तरह देश के ऐसे कई किसान हैं। जो अभी तक स योजना का फायदा नहीं उठा सके हैं। कई किसानों ने अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है तो कई किसानों का रजिस्ट्रेशन के बावजूद भी कोई स्पेलिंग में गलती होने के चलते उनकी किस्त अटकी हुई है। अगर आपने भी अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है तो आप भी जल्द ही रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
  
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लिए आप खुद घर बैठे रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके लिए आपके पास अपने खेत की खतौनी, आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और बैंक अकाउंट नंबर होना जरूरी है। आप पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.nic.in पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।