Post Office RD: अगर सरकारी बचत योजनाओं में निवेश करने का प्लान कर रहे हैं तो स्मॉल सेविंग स्कीम काफी अच्छा ऑप्शन है। आप डाकघर (Post Office) की योजनाओं में बिना जोखिम और गारंटीड रिटर्न के लंबे समय के लिए निवेश कर सकते हैं। ये उन निवेशकों के लिए बेहतर विकल्प हैं जो जोखिम लेना नहीं चाहते। सरकार ने अक्टूबर-दिसंबर 2023 तिमाही के लिए पोस्ट ऑफिस स्मॉल सेविंग की ब्याज दरों को जारी कर दिया है। इसमें पोस्ट ऑफिस रेकरिंग डिपॉजिट (Post Office Recurring Deposit) की ब्याज दरों पर 20 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी की गई है।
पोस्ट ऑफिस आरडी पर अब इतना मिलेगा ब्याज
वित्त मंत्रालय की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक पोस्ट ऑफिस रेकरिंग डिपॉजिटपर ब्याज दरों में 20 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी की गई है। 1 अक्टूबर 2023 से 31 दिसंबर 2023 तक 5 साल की पोस्ट ऑफिस आरडी पर अब 6.5 फीसदी की जगह 6.7 फीसदी सालाना ब्याज मिलेगा।
RD पर 5,000 रुपये निवेश करने पर इतना मिलेगा ब्याज
हर महीने 5,000 रुपये की आरडी में एक साल में 60,000 रुपये और पांच साल में कुल 3,00,000 रुपये निवेश करेंगे। आपको 5 साल बाद 6.7 फीसदी की दर से 56,830 रुपये ब्याज के रूप में मिलेंगे। आपको मैच्योरिटी पर 3,56,830 रुपये मिलेंगे। अगर आप हर महीना 3,000 रुपये RD में निवेश करते हैं तो एक साल में 36,000 रुपये निवेश करेंगे। 5 साल में आपका कुल निवेश 1,80,000 रुपये होगा। पोस्ट ऑफिस आरडी कैलकुलेटर के मुताबिक नई ब्याज दरों के मुताबिक आपको 34,097 रुपये ब्याज के तौर पर मिलेंगे। आपको मैच्योरिटी पर कुल 2,14,097 रुपये मिलेंगे।
हर तीन महीने में होती है ब्याज दरों की समीक्षा
आरडी पर मिलने वाले ब्याज पर TDS कटता है। आरडी पर मिलने वाले ब्याज दरों पर 10% का टीडीएस लागू होता है। यदि आरडी पर का एक महीने का ब्याज 10,000 रुपये से अधिक है तो टीडीएस काटा जाएगा। केंद्र सरकार का वित्त मंत्रालय हर तीन महीने में छोटी बचत योजनाओं पर मिलने वाले ब्याज को रिव्यू करता है। इस बार अक्टूबर से दिसंबर की त्योहारी सीजन वाली तिमाही में सरकार ने सिर्फ 5 साल की रेकरिंग डिपॉजिट पर ब्याज दरों में बदलाव किया है। बाकी, योजनाओं पर पुरानी दर पर ब्याज दरें लागू की गई हैं।