Post Office Scheme: पोस्ट ऑफिस कई छोटी बचत योजनाएं चला रहा है। इसमें निवेश करना पूरी तरह से सुरक्षित है। इन योजनाओं में निवेशकों को काफी अच्छा ब्याज मिल रहा है। वहीं, पोस्ट ऑफिस की ओर से भी एक स्कीम चलाई जाती है जिसमें पैसा दोगुना हो जाता है। पोस्ट ऑफिस की इस योजना का नाम किसान विकास पत्र है। किसान विकास पत्र पर फिलहाल 7.5 फीसदी सालाना ब्याज मिलता है। यह दर पोस्ट ऑफिस की 5 साल की टाइम डिपॉजिट स्कीम के बराबर है। मौजूदा ब्याज दर के मुताबिक किसान विकास पत्र योजना में पैसा 115 महीने यानी 10 साल 3 महीने में दोगुना हो रहा है। यहां आपको किसान विकास पत्र में निवेश के फायदे और नुकसान के बारे में बता रहे हैं।
एक साथ जमा करना होता है पैसा
किसान विकास पत्र भारत सरकार की योजना है जिसमें एक साथ पैसा निवेश करना होता है। यहां एक निश्चित पीरियड में आपका पैसा दोगुना हो जाता है। किसान विकास पत्र देश के सभी डाकघरों और बड़े बैंकों में मिल रहा है यानी आप कहीं भी पैसा निवेश कर सकते हैं। केंद्र सरकार ने 1 अप्रैल 2023 से किसान विकास पत्र पर ब्याज 7.2 फीसदी से बढ़ाकर 7.5 फीसदी सालाना कर दिया था।
किसान विकास पत्र में निवेश करने वाले व्यक्ति की आयु कम से कम 18 साल होनी चाहिए। सिंगल अकाउंट के अलावा ज्वाइंट अकाउंट की भी सर्विस है। वहीं, यह योजना नाबालिगों के लिए भी उपलब्ध है। माइनर अकाउंट की देखरेख पेरेंट्स को करनी होती है। यह योजना NRI को छोड़कर हिंदू अविभाजित परिवार यानी एचयूएफ या ट्रस्ट के लिए भी लागू है। इसमें निवेश करने के लिए 1000 रुपये, 5000 रुपये, 10,000 रुपये और 50,000 रुपये के सर्टिफिकेट मिलते हैं, जिन्हें खरीदा जा सकता है।
KVP के ब्याज पर नहीं मिलता टैक्स बेनेफिट
किसान विकास पत्र में निवेश करने पर आपको मिलने वाले ब्याज पर टैक्स देना होगा। जबकि आयकर अधिनियम की धारा 80C के तहत इस योजना में जमा किये गए पैसे पर आपको कोई टैक्स बेनेफिट नहीं मिलता है।