PPF Loan: PPF अकाउंट पर मिल सकता है आपको सस्ता लोन, नियमों के साथ जानिए पूरा प्रोसेस

PPF Loan: PPF खाते पर कम ब्याज में लोन लेने की सुविधा मिलती है, लेकिन इसके लिए कुछ अहम नियम हैं। लोन कब मिलेगा, कितनी रकम मिल सकती है, ब्याज कितना लगेगा और चुकाने का तरीका क्या है? समजिए पूरी डिटेल।

अपडेटेड Jul 02, 2026 पर 3:17 PM
PPF खाते पर एक समय में सिर्फ एक ही लोन लिया जा सकता है।

PPF Loan: अगर आपने भविष्य के लिए पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) में निवेश किया है, तो जरूरत पड़ने पर यही बचत आपके काम भी आ सकती है। बहुत कम लोग जानते हैं कि PPF खाते पर लोन लेने की भी सुविधा मिलती है। खास बात यह है कि इस लोन पर ब्याज दर सामान्य पर्सनल लोन के मुकाबले कम होती है। साथ ही, प्रक्रिया भी आसान होती है।

हालांकि, इसके लिए कुछ नियम और शर्तें हैं। आइए जानते हैं कि PPF पर लोन कब, कितना और कैसे मिलता है।

PPF पर कब मिलता है लोन?


भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के मुताबिक, PPF खाते पर लोन सिर्फ शुरुआती वर्षों में ही लिया जा सकता है। खाता खुलने वाले वित्त वर्ष के तीसरे वित्त वर्ष से लेकर छठे वित्त वर्ष तक लोन की सुविधा मिलती है। उदाहरण के लिए, अगर आपने FY 2023-24 में PPF खाता खोला है, तो FY 2025-26 से FY 2028-29 के बीच लोन ले सकते हैं।

कितना लोन मिल सकता है?

PPF खाते में जमा पूरी रकम पर लोन नहीं मिलता। जिस वित्त वर्ष में आप लोन ले रहे हैं, उससे दो साल पहले के वित्त वर्ष के अंत (31 मार्च) तक खाते में मौजूद बैलेंस का अधिकतम 25% तक ही लोन मिल सकता है।

अगर आप FY 2026-27 में PPF लोन लेते हैं, तो लोन की रकम 31 मार्च 2025 तक मौजूद बैलेंस के आधार पर तय होगी। मान लीजिए उस दिन बैलेंस 2 लाख रुपये था, तो आपको अधिकतम 50,000 रुपये (25%) का लोन मिल सकता है। भले ही आपके खाते में 3 लाख रुपये या उससे अधिक जमा हो चुके हों।

कितना लगता है ब्याज?

PPF लोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी कम ब्याज दर है। फिलहाल PPF पर 7.1% सालाना ब्याज मिल रहा है। PPF खाते पर मिलने वाले लोन की ब्याज दर PPF की मौजूदा ब्याज दर से 1% अधिक होती है। यानी फिलहाल में यह 8.1% सालाना है। फिर भी यह पर्सनल लोन के मुकाबले काफी कम है, जहां अक्सर ब्याज 14% के आसपास तक पहुंच जाती है।

PPF Loan लेने का प्रोसेस

  • PPF अकाउंट जिस बैंक या पोस्ट ऑफिस में है, वहां जाएं।
  • PPF Loan Application Form लें या डाउनलोड करें।
  • फॉर्म में सभी जरूरी जानकारी भरें।
  • PPF पासबुक या अकाउंट स्टेटमेंट की कॉपी अटैच करें।
  • जरूरत होने पर KYC दस्तावेज (आधार, PAN आदि) जमा करें।
  • फॉर्म बैंक या पोस्ट ऑफिस में जमा करें।
  • बैंक या पोस्ट ऑफिस आपकी पात्रता और लोन राशि की जांच करेगा।

आवेदन मंजूर होने के बाद लोन की राशि आपके लिंक्ड बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी।

लोन कैसे चुकाना होता है?

PPF लोन मिलने के बाद आपको 3 साल (36 महीने) के भीतर उसकी मूल रकम लौटानी होती है। आप चाहें तो पूरी रकम एक साथ जमा कर सकते हैं या फिर किस्तों में भी चुका सकते हैं। मूल रकम चुकाने के बाद लोन का ब्याज जमा करना होता है।

मान लीजिए आपने PPF पर 50,000 रुपये का लोन लिया। आपको यह 3 साल के भीतर लौटाना होगा। आप चाहें तो एक बार में पूरे 50,000 रुपये जमा कर सकते हैं या किस्तों में चुका सकते हैं।

समय पर लोन नहीं चुकाया तो?

अगर आप 3 साल (36 महीने) के भीतर PPF लोन की पूरी रकम नहीं चुका पाते हैं, तो आपको अतिरिक्त ब्याज देना पड़ेगा। जितनी रकम बकाया रहेगी, उस पर 6% सालाना की दर से ब्याज देना पड़ेगा।

यानी लोन चुकाने में जितनी देरी होगी, आपकी ब्याज की लागत भी उतनी बढ़ सकती है। इसलिए अगर PPF पर लोन लिया है, तो कोशिश करें कि तय समय के भीतर ही उसे चुका दें, ताकि अतिरिक्त ब्याज का बोझ न पड़े।

एक साल में कितनी बार मिल सकता है लोन?

PPF खाते पर एक समय में सिर्फ एक ही लोन लिया जा सकता है। अगर आपने पहले से लोन लिया हुआ है, तो दूसरा लोन तभी मिलेगा, जब पहला पूरी तरह चुका देंगे। ध्यान रखें कि PPF पर लोन की सुविधा हमेशा नहीं मिलती। यह सिर्फ खाता खुलने के तीसरे वित्त वर्ष से लेकर छठे वित्त वर्ष तक ही उपलब्ध होती है।

PPF में एक वित्त वर्ष के दौरान कम से कम 500 रुपये और अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक निवेश किया जा सकता है। यह रकम एकमुश्त या किस्तों में जमा की जा सकती है।

क्या PPF पर लोन लेना सही है?

फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स का मानना है कि PPF लंबी अवधि की बचत और सुरक्षित रिटर्न के लिए बनाया गया निवेश विकल्प है। इसलिए कोशिश करनी चाहिए कि इसमें जमा राशि लंबे समय तक बनी रहे, ताकि कंपाउंडिंग का पूरा फायदा मिल सके।

अगर अचानक पैसों की जरूरत पड़ जाए और दूसरे विकल्प महंगे हों, तो PPF पर लोन लेना एक बेहतर विकल्प हो सकता है। इससे कम ब्याज दर पर पैसा मिल जाता है। साथ ही, PPF खाता बंद करने या समय से पहले निकासी की जरूरत भी नहीं पड़ती।

ITR Benefits: जीरो टैक्स पर भी भरें ITR! वरना नहीं मिलेंगे ये 5 बड़े फायदे, डिटेल में समझिए

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।