नोएडा अथॉरिटी ने बढ़ाई हाउसिंग स्कीम की डेडलाइन, 6 सेक्टरों में बेचे जाएंगे 338 फ्लैट्स

MIG, HIG और डुप्लेक्स रेसिडेंशियल फ्लैटों के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 7 फरवरी है, जबकि फाइनल बोली सबमिट करने के लिए 9 फरवरी तक का समय है। इसी तरह, LIG फ्लैट स्कीम के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 21 फरवरी है

अपडेटेड Feb 06, 2023 पर 3:01 PM
नोएडा अथॉरिटी ने हाउसिंग स्कीम की डेडलाइन बढ़ाने का ऐलान किया है।

नोएडा अथॉरिटी ने हाउसिंग स्कीम की डेडलाइन बढ़ाने का ऐलान किया है। इसके तहत, नोएडा में लो-इनकम ग्रुप (LIG), मिडिल इनकम ग्रुप (MIG), हाई इनकम ग्रुप (HIG) और डुप्लेक्स रेसिडेंशिलय अपार्टमेंट के तहत फ्लैट बुक करने के लिए घर खरीदारों को और समय मिल गया है। अधिकारियों ने कहा कि नोएडा के अलग-अलग क्षेत्रों में आवासीय इकाइयों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए यह फैसला लिया गया है। MIG, HIG और डुप्लेक्स रेसिडेंशियल फ्लैटों के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 7 फरवरी है, जबकि फाइनल बोली सबमिट करने के लिए 9 फरवरी तक का समय है। इसी तरह, LIG फ्लैट स्कीम के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 21 फरवरी है।

स्कीम से जुड़ी डिटेल

यह स्कीम 2 जनवरी को शुरू की गई थी और इसके लिए अप्लाई करने की आखिरी तारीख 31 जनवरी थी। अधिकारियों ने कहा कि इस आवासीय योजना की अंतिम तारीख खरीदारों से कम प्रतिक्रिया के चलते बढ़ा दी गई थी। स्कीम के तहत, नोएडा अथॉरिटी ई-नीलामी के लिए MIG, HIG और डुप्लेक्स कैटेगरी के 24 आवासीय फ्लैटों और LIG स्कीम में 314 फ्लैटों की पेशकश कर रहा है। अधिकारियों ने कहा कि आवासीय अपार्टमेंट की मांग नोएडा में काफी बढ़ गई है, और इसलिए अथॉरिटी जनता को शहर भर में छह अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित फ्लैट खरीदने का अवसर प्रदान कर रहा है।


बेचे जाएंगे 338 फ्लैट्स

इस स्कीम के तहत अलग-अलग कैटेगरी के कुल 338 निर्मित फ्लैटों को बिक्री के लिए रखा गया है। ये आवासीय अपार्टमेंट नोएडा में सेक्टर 52, 62, 71, 99, 118 और 135 में स्थित हैं। MIG, HIG और डुप्लेक्स अपार्टमेंट की बिक्री ई-नीलामी के जरिए की जाएगी, जबकि LIG फ्लैटों का आवंटन लकी ड्रॉ के जरिए किया जाएगा। नोएडा अथॉरिटी के एक सीनियर ऑफिसर ने मनीकंट्रोल से कहा कि हमें उम्मीद है कि लोग इस अवसर फायदा उठाएंगे। सेक्टर 52, 71, 99, 118 और 135 में स्थित एलआईजी फ्लैट लकी ड्रा के माध्यम से आवंटित किए जाएंगे, जबकि सेक्टर 62, 99 और 135 में स्थित एमआईजी, एचआईजी और डुप्लेक्स अपार्टमेंट की ई-नीलामी की जाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।