ICICI प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट कंपनी ने मुंबई के सांताक्रूज ईस्ट इलाके में कल्पतरु इनफिनिया बिल्डिंग को 315 करोड़ रुपये में खरीदा है। कमर्शियल डेटा एनालिटिक्स फर्म FloorTap.com के मुताबिक, इस बिल्डिंग में 3 बेसमेंट, 1 ग्राउंड फ्लोर और 12 फ्लोर हैं।
इस डील में जमीन की कॉस्ट भी शामिल है। इस प्रॉपर्टी को आइएक्सोरा प्रॉपर्टीज प्राइवेट लिमिटेड (Ixora Properties Pvt Ltd.) ने खरीदा है। इस कमर्शियल प्रॉपर्टी के लिए कन्वेएंस डीड को 27 जून 2024 को तैयार किया गया। खरीदार ने इस ट्रांजैक्शन के लिए 18.9 करोड़ रुपये की स्टैंप ड्यूटी चुकाई है।
दस्तावेजों के मुताबिक, इस डील के तहत कवर कुल एरिया 63,733 वर्ग फुट है। इस बिल्डिंग में 114 पार्किंग स्लॉट हैं। इस डील को लेकर बायर और सेलर की तरफ से तुरंत कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। ICICI प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड भारतीय म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री की अहम खिलाड़ी है। यह एसेट मैनेजमेंट कंपनी म्यूचुअल फंड सेगमेंट में बड़े पैमाने पर AUM को मैनेज करती है।
यह एसेट मैनेजमेंट कंपनी निवेशकों के लिए देश भर में पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विसेज का काम करती है। मुंबई में पिछले कुछ समय में कुछ बड़े कमर्शियल ट्रांजैक्शन देखने को मिले हैं और यह डील उसी की एक कड़ी है।
पिछले कुछ समय में जो अन्य कमर्शियल प्रॉपर्टी डील हुई हैं, उनमें यूनिट स्मॉल फाइनेंस बैंक की डील भी शामिल है। इस डील के तहत बैंक ने मुंबई के सांताक्रूज इलाके में कई फ्लोर वाली कमर्शियल बिल्डिंग खरीदी थी। इस बिल्डिंग का एरिया 70,000 वर्ग फुट से भी ज्यादा है। यह सौदा 227 करोड़ रुपये में हुआ।
टाटा डिजिटल प्राइवेट लिमिटेड (TDPL) ने मई 2024 में फोर्ट इलाके में मौजूद अपने मुख्यालय का लीज रिन्यू किया था। यह लीज 2.98 करोड़ रुपये प्रति महीने रेंट के हिसाब से रिन्यू किया गया था।