आईफोन (iPhone) बनाने वाली दिग्गज कंपनी एपल (Apple) देश में अपना पहला स्टोर खोलने जा रही है। यह स्टोर मुंबई में खुलेगा और इसके लिए कंपनी ने मुंबई के बांद्रा कुर्ला कांप्लेक्स (BKC) के एक मॉल में तीन मंजिल पर 20 हजार स्क्वॉयर फुट से अधिक एरिया किराए पर ले लिया है। प्रॉपस्टैक के मुताबिक एपल इसके लिए हर महीने कम से कम 42 लाख रुपये का किराया देगी यानी कि सालाना न्यूनतम किराया 5.04 करोड़ रुपये पड़ेगा। एपल हर तिमाही किराया चुकाएगी। हर तीन साल में किराया 15 फीसदी बढ़ेगा। रेंट एग्रीमेंट के तहत एक प्रावधान रेवेन्यू साझेदारी का भी है। इसके तहत एपल को तीन साल तक दो फीसदी और उसके बाद ढाई फीसदी रेवेन्यू भी चुकाना होगा। यह सौदा 26 फरवरी 2021 को रजिस्टर्ड हुआ था।
Jio World Drive Mall में खुल रहा Apple Store
एपल का पहला स्टोर जियो वर्ल्ड ड्राइव मॉल में खुलेगा। इसका नाम एपल बीकेसी (Apple BKC) होगा। इस स्टोर को एपल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (Apple India Private Limited) ने किराए पर लिया है और किराएदार द इंडियन फिल्म कंबाइन प्राइवेट लिमिटेड (The Indian Film Combine Private Limited) है। कॉमर्शियल रियल्टी एक्सपर्ट्स के मुताबिक जियो वर्ल्ड ड्राइव करीब 5 लाख स्क्वॉयर फुट में फैला हुआ है। इसमें से एपल ने तीन फ्लोर पर 7,014 स्क्वॉयर फुट, 7,014 स्क्वॉयर फुट और 6,778 स्क्वॉयर फुट को मिलाकर तीन फ्लोर पर 20,806 स्क्वॉयर फुट एरिया किराए पर लिया है।
कंपनी ने छह महीने का किराया 2.52 करोड़ रुपये का किराया सिक्योरिटी डिपॉजिट के रूप में चुका दिया है और हर तीन साल में 15 फीसदी बढ़ेगा। मेंटेनेंस चार्ज के रूप में कंपनी को हर महीने 110 रुपये स्क्वॉयर फुट के हिसाब से चार्जेज चुकाने होंगे। दोनों पार्टी के बीच 133 महीने के लिए एग्रीमेंट हुआ है और इसमें सौदे को 60 महीने आगे बढ़ाने का प्रावधान भी है।
Apple के लिए भारतीय बाजार कितना अहम
एपल का पहला स्टोर इसी महीने खुल सकता है। आईफोन, आईपॉड और मैकबुक जैसे गेजेट्स बनाने वाली दिग्गज कंपनी एपल के लिए भारतीय बाजार कितना अहम है, इसका अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि जब पिछली कुछ तिमाहियों में इसके पारंपरिक बाजारों में मांग सुस्त हो गई थी तो भारतीय बाजार में इसे प्रोडक्ट्स की मांग तेजी से बढ़ी। एपल का रेवेन्यू दिसंबर 2022 तिमाही में सालाना आधार पर 5 फीसदी गिर गया लेकिन भारत में न सिर्फ इसकी ग्रोथ दोहरे अंकों में रही बल्कि तिमाही रेवेन्यू भी रिकॉर्ड लेवल पर रहा।
सबसे महंगा कॉमर्शियल रियल एस्टेट है BKC
बीकेसी को देश में सबसे महंगा कॉमर्शियल रियल एस्टेट माना जाता है। इसमें किराया 400-500 रुपये प्रति स्क्वॉयर फुट प्रति महीने तक भी है। बैंक ऑफ चाइना ने बीकेसी के मेकर मैक्सिटी (Maker Maxity) में प्रति स्क्वॉयर फुट 500 रुपये के हिसाब से 9300 स्क्वॉयर फुट एरिया किराए पर लिया है। इसके लिए पिछले महीने 9 मार्च को Agni Commex LLP और बैंक ऑफ चाइना के बीच डील हुई थी। मेकर मैक्सिटी खुद यहां औसतन 445-475 रुपये प्रति स्क्वॉयर फुट के हिसाब से किराया चुका रही है। बीकेसी में औसतन किराया 260-320 रुपये प्रति स्क्वॉयर फुट है।