आईफोन (iPhone) बनाने वाली दिग्गज कंपनी एपल (Apple) देश में अपना पहला स्टोर खोलने जा रही है। यह स्टोर मुंबई में खुलेगा और इसके लिए कंपनी ने मुंबई के बांद्रा कुर्ला कांप्लेक्स (BKC) के एक मॉल में तीन मंजिल पर 20 हजार स्क्वॉयर फुट से अधिक एरिया किराए पर ले लिया है। प्रॉपस्टैक के मुताबिक एपल इसके लिए हर महीने कम से कम 42 लाख रुपये का किराया देगी यानी कि सालाना न्यूनतम किराया 5.04 करोड़ रुपये पड़ेगा। एपल हर तिमाही किराया चुकाएगी। हर तीन साल में किराया 15 फीसदी बढ़ेगा। रेंट एग्रीमेंट के तहत एक प्रावधान रेवेन्यू साझेदारी का भी है। इसके तहत एपल को तीन साल तक दो फीसदी और उसके बाद ढाई फीसदी रेवेन्यू भी चुकाना होगा। यह सौदा 26 फरवरी 2021 को रजिस्टर्ड हुआ था।
