Real Estate: नोएडा एयरपोर्ट के पास 451 प्लॉट के लिए आए 1.12 लाख आवेदन, 27 दिसंबर को लकी ड्रा से होगा फैसला

Real Estate: ये रेसिडेंशियल प्लॉट्स ग्रेटर नोएडा को आगरा और मथुरा जैसे शहरों से जोड़ने वाले यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे सेक्टर 24A में स्थित है। अथॉरिटी ने केवल रजिस्ट्रेशन से ही लगभग 4800 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल किया है। एक्सपर्ट्स ने कहा कि इस तरह की जबरदस्त प्रतिक्रिया नोएडा एयरपोर्ट के पास रेसिडेंशियल रियल एस्टेट की मांग को दिखाती है

अपडेटेड Dec 09, 2024 पर 6:35 PM
Story continues below Advertisement
YEIDA को नोएडा एयरपोर्ट के पास 451 प्लॉट के लिए 1.12 लाख आवेदन मिले हैं।

Real Estate: यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (YEIDA) को नोएडा एयरपोर्ट के पास 451 प्लॉट के लिए 1.12 लाख आवेदन मिले हैं। YEIDA ने पिछले महीने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास रेसिडेंशियल प्लॉट स्कीम शुरू की थी। ये रेसिडेंशियल प्लॉट्स ग्रेटर नोएडा को आगरा और मथुरा जैसे शहरों से जोड़ने वाले यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे सेक्टर 24A में स्थित है। अथॉरिटी ने केवल रजिस्ट्रेशन से ही लगभग 4800 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल किया है। एक्सपर्ट्स ने कहा कि इस तरह की जबरदस्त प्रतिक्रिया नोएडा एयरपोर्ट के पास रेसिडेंशियल रियल एस्टेट की मांग को दिखाती है।

27 दिसंबर को लकी ड्रा से होगा फैसला

YEIDA के एक अधिकारी ने मनीकंट्रोल को बताया, "इन रेसिडेंशियल प्लॉट्स के आवंटन के लिए लकी ड्रा 27 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। ये प्लॉट्स आगामी एयरपोर्ट, सेक्टर 21 में प्रस्तावित फिल्म सिटी और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के पास है।" यह स्कीम 31 अक्टूबर को शुरू की गई थी और 30 नवंबर को बंद हो गई। अधिकारी ने कहा, "रेसिडेंशियल और कमर्शियल प्लॉट्स की मांग बढ़ गई है क्योंकि लोग निवेश करना और आगामी एयरपोर्ट के करीब रहना चाहते हैं। रेसिडेंशियल प्लॉट स्कीम के लिए यह जबरदस्त प्रतिक्रिया भारी डिमांड को दिखाती है।"


कितनी है इन प्लॉट्स की साइज और कीमत

रेसिडेंशियल प्लॉट्स 120 वर्ग मीटर, 162 वर्ग मीटर, 200 वर्ग मीटर, 250 वर्ग मीटर और 260 वर्ग मीटर की पांच साइज कैटेगरी में आते हैं। डेटा से पता चला है कि 200 वर्ग मीटर के प्लॉट्स के लिए 48266 आवेदन आए, 162 वर्ग मीटर के प्लॉट्स के लिए 36,523, 120 वर्ग मीटर के प्लॉट्स के लिए 24,063 और 250 वर्ग मीटर के प्लॉट्स के लिए केवल 1837 आवेदक आए। 260 वर्ग मीटर के प्लॉट्स के लिए सबसे कम 1,333 आवेदक आए।

आवंटन में 120 वर्ग मीटर के 100 प्लॉट, 162 वर्ग मीटर के 169 प्लॉट, 200 वर्ग मीटर के 172 प्लॉट, 250 वर्ग मीटर के छह प्लॉट और 260 वर्ग मीटर के चार प्लॉट शामिल हैं। प्लॉट की कीमत 25900 रुपये प्रति वर्ग मीटर है।

सबसे छोटे 120 वर्ग मीटर के प्लॉट की कीमत 31.08 लाख रुपये होगी, जबकि 162 वर्ग मीटर के प्लॉट की कीमत लगभग 41.95 लाख रुपये होगी। मध्यम आकार के 200 वर्ग मीटर, 250 वर्ग मीटर और 260 वर्ग मीटर के प्लॉट अतिरिक्त शुल्क और करों को छोड़कर क्रमशः 51.8 लाख रुपये, 64.75 लाख रुपये और 67.34 लाख रुपये में पेश किए जाएंगे।

रियल एस्टेट सेक्टर में तेजी पर एक्सपर्ट्स की राय

InvestOxpert.com के फाउंडर और MD विशाल रहेजा ने कहा कि YEIDA रेसिडेंशियल प्लॉट्स को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया इस क्षेत्र में रेसिडेंशियल, कमर्शियल और इंडस्ट्रियल स्पेस की मांग में उछाल को दिखाती है। आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले दो वर्षों में जेवर जैसे क्षेत्रों में भूमि की कीमतों में 40-50 फीसदी की वृद्धि हुई है, जो निवेशकों के बढ़ते भरोसे को दिखाता है।

उन्होंने कहा, "एक स्टडी में भविष्यवाणी की गई है कि नोएडा एयरपोर्ट के आसपास का क्षेत्र 2025 तक भारत के टॉप पांच रियल्टी हॉटस्पॉट में से एक बन सकता है, जिसका अनुमानित मार्केट वैल्यूएशन 60,000 करोड़ रुपये को पार कर सकता है। यह ग्रोथ ट्रांजेक्टरी दिल्ली के IGI एयरपोर्ट के आसपास के विकास की याद दिलाता है, जहां एक दशक से भी कम समय में प्रॉपर्टी के मूल्य तीन गुना हो गए।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।