Punjab AAP women scheme: पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार जल्द ही महिलाओं को हर महीने 1100 रुपये देने वाले अपने चुनावी वादे को पूरा करने जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ऐलान किया है कि अगले साल 2026 का बजट पास होने के बाद प्रदेश की महिलाओं को यह रकम मिलने लगेगी।
साल 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान भगवंत मान ने वादा किया था कि महिलाओं को बसों में मुफ्त सफर के साथ हर महीने 1100 रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। मुफ्त बस सफर का वादा पहले ही पूरा हो चुका है, जबकि रकम अब तक महिलाओं की झोली में नहीं पहुंची है। सीएम मान ने कहा कि सरकार इस योजना को लागू करने के लिए गंभीरता से काम कर रही है और महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण उसकी प्राथमिकता है।
वादे को पूरा करने का दबाव
दिल्ली में आम आदमी पार्टी सत्ता गंवा चुकी है, जिसके बाद पंजाब में इस वादे को पूरा करने का दबाव बढ़ गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने पहले ही मुफ्त बिजली जैसी महत्वपूर्ण गारंटियां पूरी की हैं। विपक्षी दल लगातार यह आरोप लगा रहे हैं कि महिलाओं को 1100 रुपए की रकम अब तक नहीं दी गई है। पंजाब में 18 साल से अधिक उम्र की करीब एक करोड़ महिलाएं हैं, जिन्हें इस योजना का लाभ मिलेगा।
शुरुआत में पंजाब सरकार ने महिलाओं को 1000 रुपए देने का वादा किया था। हालांकि, देरी के सवाल उठने पर मई 2024 में रकम बढ़ाकर 1100 रुपए प्रति माह कर दी गई। पड़ोसी हरियाणा ने महिलाओं के लिए फंड तैयार कर लिया है, वहीं हिमाचल प्रदेश ने भी आर्थिक मदद की घोषणा कर दी है। दिल्ली में भी बीजेपी सरकार ने इस वादे को पूरा किया है।
कर्ज में डूबे पंजाब के लिए चुनौती बड़ी
पंजाब भारी कर्ज में डूबा है, जिससे महिलाओं के लिए योजना लागू करना चुनौतीपूर्ण बन गया है। कैग की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब का कर्ज-सकल राज्य घरेलू उत्पाद अनुपात 40.35 प्रतिशत है, जो सभी राज्यों में सबसे ज्यादा है। राज्य लंबे समय से कम राजस्व और बढ़ते खर्चों से जूझ रहा है। इससे विकास में निवेश की क्षमता प्रभावित हो रही है और उधार लिए गए पैसे का बड़ा हिस्सा रोजमर्रा के खर्चों में जा रहा है।
पंजाब सरकार के लिए अब यह चुनौती है कि भारी कर्ज के बावजूद महिलाओं के लिए किए गए इस वादे को समय पर पूरा किया जाए।